Nirbhik Nazar

अखिलेश यादव बोले –  “7वें चरण तक भाजपा के बूथ पर नाचते दिखेंगे भूत”

उन्नाव :समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष के अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे भाजपा शून्य की ओर बढ़ती जा रही है और सातवें चरण तक पार्टी के बूथ पर भूत नाचते नजर आएंगे। सपा अध्यक्ष ने बाराबंकी, अयोध्या और उन्नाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया और उन्हें जिताने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा, ‘हर वर्ग के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। जनता चुनाव में इन्हें सबक सिखा रही है। अब साइकिल की रफ्तार को कोई रोक नहीं सकता है।’

पहले और दूसरे चरण में भाजपा का हो गया है सफाया- अखिलेश यादव  

अखिलेश ने दावा किया कि उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण में भाजपा का सफाया हो चुका है और पार्टी के नेता, कार्यकर्ता ठंडे पड़ गए हैं। उन्होंने कहा, ‘जैसे-जैसे मतदान होता जा रहा है, भाजपा के नेता ठंडे पड़ते जा जा रहे हैं, क्योंकि उनकी समझ में नहीं आ रहा कि जनता क्‍या चाहती है।’

जनता अपनी समस्याओं का हल चाहती है, भाजपा आतंकवाद की करती है बात- सपा प्रमुख

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवान नौकरी चाहता है, जनता महंगाई से निजात चाहती है, किसान अपनी फसलों की कीमत चाहता है और भाजपा के नेता इस पर बात नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अपनी समस्याओं का हल चाहती है और भाजपा आतंकवाद की बात करती है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जिस समय उन्नाव की जनता वोट डालेगी, भाजपा के लोग शून्य हो जाएंगे और जब यह चुनाव सातवें चरण में पूर्वांचल में पहुंचेगा तो आप देख लेना भाजपा के बूथ पर भूत नाचते नजर आएंगे।’

चौथे चरण का मतदान 23 फरवरी को उन्नाव में होगा

उल्लेखनीय है कि उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सात चरणों में हो रहा है, जिसमें पहले चरण में दस फरवरी और दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान संपन्न हो चुका है और रविवार को तीसरे चरण का मतदान हुआ। सातवें और अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। उन्नाव में चौथे चरण में 23 फरवरी को मतदान होना है।

 बीएड, बीटीसी समेत अन्य भर्तियों के लिए छात्र कर रहे हैं संघर्ष-सपा प्रमुख

अखिलेश ने दावा किया कि किसान, नौजवान, बेरोजगार, व्यापारी सभी झूठ की राजनीति करने वालों को घर का रास्ता दिखाने का काम करने वाले हैं। उन्होंने अपनी उंगली पर मतदान का निशान दिखाते हुए कहा कि बीएड, बीटीसी समेत अन्य भर्तियों के लिए कितना संघर्ष करना पड़ा, लेकिन नौकरी व रोजगार नहीं मिला।

सीएम योगी पर कसा तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने तंज कसा कि वह 24 घंटे काम करने वाले मुख्यमंत्री हैं, लेकिन पता नहीं काम क्या करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी हुई नहीं, एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को मजाक बना दिया गया और खाद मिली नहीं, ऊपर से किसानों पर मुकदमे दर्ज किए गए और उन्हें धरना देना पड़ा।

काका गए तो बाबा भी जाएंगे-अखिलेश यादव

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के फैसले का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि काका (काला कानून) गए तो बाबा (मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ) भी जाएंगे। अखिलेश ने भरोसा दिलाया कि सपा के सत्ता में आने के बाद 22 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि कोरोना प्रभावित युवाओं को पुलिस भर्ती में उम्र की छूट का लाभ दिया जाएगा।

सदन चलाने वाले का भाजपा ने किया पत्ता साफ-सपा प्रमुख

भगवंत नगर के स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित को इस बार टिकट न मिलने पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि जो सदन चलाते थे, भाजपा ने उन्हीं का पत्ता साफ कर दिया। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश का विकास रोक दिया है, उसका हर वादा जुमला साबित हुआ है और अगर यह पार्टी दोबारा सत्ता में आ गई तो पेट्रोल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *