Nirbhik Nazar

यूक्रेन मे फंसे हैं उत्तराखंड के 128 छात्र, सीएम धामी बोले – छात्रों को सुरक्षित लाएंगे उत्तराखंड

देहरादून : रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के दौरान यूक्रेन में उत्तराखंड के 128 छात्र फंसे होने की जानकारी सार्वजनिक हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद इस संख्या की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री का दावा है कि लगातार अपने राज्य के छात्रों को सकुशल वापस वतन लाने के लिए केंद्र सरकार ही नहीं बल्कि विदेश मंत्रालय के साथ भी लगातार तालमेल बनाया हुआ है।

शनिवार को प्रगति विहार, ऋषिकेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक दिनेश सेमवाल के पिता के निधन पर दुख जताने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी लगातार संपर्क कर छात्रों को सुरक्षित वापस लाने की दिशा में सरकार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तराखंड में नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है, जो उत्तराखंड के सभी जनपदों से यूक्रेन में फंसे छात्रों और नागरिकों का डाटा एकत्रित कर रहे हैं। फिलहाल 128 छात्रों के यूक्रेन में फंसे होने की लिस्ट बन चुकी है। बता दें कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को भारी बारिश के बीच ऋषिकेश पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने प्रगति विहार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक दिनेश सेमवाल और उनके परिजनों से मुलाकात की। मौके पर उन्होंने दिनेश सेमवाल के पिता के निधन पर अपना शोक भी व्यक्त किया। कहा कि वह इस दुख की घड़ी में पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वापस देहरादून लौट गए।

इस दौरान नगर निगम की मेयर अनीता ममगाईं, शिवकुमार गौतम, दिनेश सती, राजेश थपलियाल, हरीश कोठारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इसके बाद सीएम यमकेश्वर से भाजपा की विधायक प्रत्याशी रेनू बिष्ट से मिलने उनके घर पहुंचे। करीब 15 मिनट मंत्रणा के बाद सीएम दून के लिये रवाना हो गये।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *