भिलाई/छत्तीसगढ़: रविवार को सुपेला के एक होटल में पति-पत्नी के बीच अजीब सी घटना हुई। आरोपित पति ने होटल के कमरे में अपनी पत्नी से मारपीट की और उसके बाद उसे धमकाकर उसका एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने महिला से ये बात कबूल करवाई कि वो चरित्रहीन है और उसका दूसरे पुरुषों से अवैध संबंध है। आरोपित ने अपनी पत्नी को ये धमकी भी दी कि वो उस वीडियो को वायरल कर उसे बदनाम कर देगा। घटना के बाद महिला ने सुपेला थाना पहुंचकर अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताया कि सेक्टर-6 निवासी 29 वर्षीय महिला की शादी सात साल पहले वरुण अपार्टमेंट बोरसी रायपुर निवासी मनीष यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपित पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका कर उससे मारपीट करता था। विवाद बढ़ने के बाद महिला बीते तीन महीनों से अपने मायके सेक्टर-6 में रह रही है। दोनों के बीच बातें हुई तो आरोपित पति रविवार को अपनी पत्नी से मिलने के लिए भिलाई आया। दोनों ने नेहरू नगर चौक के पास स्थित होटल में खाना खाया। इसके बाद पति ने वहीं पर शराब पी। शराब पीने के बाद आरोपित पति ने फिर से विवाद शुरू कर दिया। उसने होटल के बाहर सरेराह अपनी पत्नी को चप्पलों से पीटा।
इसके बाद वो उसे लेकर सुपेला के एक होटल में गया। जहां उसने फिर से अपनी पत्नी से मारपीट की और उसे धमकाकर एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने महिला से ये कबूल करवाया कि वो चरित्रहीन है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति से बात होने के बाद वो होली के बाद अपने ससुराल वापस जाने वाली थी।
लेकिन, पति ने शराब पीकर फिर से उससे मारपीट की। जिसके कारण उसे सुपेला थाना में प्राथमिकी दर्ज करवानी पड़ी। पुलिस ने आरोपित पति मनीष यादव के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।