Nirbhik Nazar

जनता ने एकजुट होकर भाजपा पर जताया भरोसा, पीएम बोले – परिवारवादी राजनीति का होगा सूर्यास्त, 2024 के लोकसभा चुनाव मे जीत तय

नई दिल्ली: यूं तो पांच राज्यों के चुनाव को पहले से ही अगले आम चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा था, गुरुवार को नतीजों के एलान के बाद खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार राज्यों और खासकर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को 2024 से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इसने लोकसभा चुनाव के नतीजे तय कर दिए हैं। भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने चुनाव नतीजों को परिवारवाद की राजनीति के सूर्यास्त का आगाज बताया और पार्टी की जीत का श्रेय खासकर महिलाओं और युवाओं को दिया। वहीं कोविड महामारी और फिर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के संकट के दौरान भी संकीर्ण राजनीति के लिए विपक्षी नेताओं व दलों को आड़े हाथों लिया।

2024 के लोकसभा चुनाव की जीत तय

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक पंडितों ने 2019 में भाजपा की लोकसभा में जीत को कम आंकने के लिए इसका श्रेय 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत को दे दिया था। उन्होंने कहा कि अब जबकि 2022 में फिर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की वापसी हो रही है, वे 2024 के लोकसभा चुनाव की जीत तय कहने की हिम्मत जुटा पाएंगे।

परिवारवादी राजनीति का होगा सूर्यास्त

चुनावी हार-जीत को जातीय समीकरण से देखने के लिए राजनीतिक विशेषज्ञों को आड़े हाथों लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार जातिवाद के ऊपर विकासवाद को तरजीह है। प्रधानमंत्री ने साफ किया कि वह किसी परिवार के खिलाफ नहीं हैं लेकिन इसके लोकतंत्र के खिलाफ होने की वजह से चिंतित जरूर हैं। उन्होंने कहा, ‘एक दिन ऐसा आएगा जब देश के नागरिक परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त करके रहेंगे।’

जनता ने एकजुट होकर भाजपा पर जताया भरोसा

प्रधानमंत्री ने भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय पूरी तरह से महिलाओं और युवाओं को दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां महिलाओं का वोट प्रतिशत पुरुषों की तुलना में ज्यादा रहा है, वहां-वहां भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। उन्होंने महिलाओं को भाजपा की जीत का सारथी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, गोवा, उत्तर प्रदेश और मणिपुर की चुनौतियां और विकास के रास्ते भले ही अलग-अलग हों, लेकिन वहां की जनता ने इसके लिए एकजुट होकर भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने चारों राज्यों में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया।

विपक्ष की नकारात्मक राजनीति से सतर्क रहें लोग

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को विपक्ष की नकारात्मक राजनीतिक से भी सतर्क किया। उन्होंने बताया कि किस तरह देश दो साल से कोविड संकट से जूझ रहा है और अब यूक्रेन संकट ने चुनौतियों को और भी बढ़ा दिया है। जहां सरकार लगातार इन वैश्विक चुनौतियों से निपटने की कोशिश कर रही है, वहीं विपक्ष इसमें मदद करने के बजाय झूठ फैलाकर लोगों को बरगलाने की कोशिश में जुटा है।

विपक्ष पर करारा वार 

इस क्रम में पीएम मोदी ने भारत में बनी कोविड वैक्सीन पर विपक्षी नेताओं द्वारा सवाल उठाए जाने के साथ-साथ यूक्रेन में फंसे छात्रों व उसके परिवार वालों के बीच दशहत फैलाने की कोशिशों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जहां पूरा देश एकजुट होकर यूक्रेन से भारतीयों को निकालने की कोशिश कर रहा था, वहीं विपक्षी दलों ने इसमें भी प्रदेशवाद को शामिल कर दिया।

भ्रष्ट नेताओं को बचाने के लिए हो रही गोलबंदी

प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच का सामना कर रहे नेताओं के पक्ष में हो रही राजनीतिक गोलबंदी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट नेताओं को बचाने के लिए ये लोग निष्पक्ष जांच करने वाली एजेंसियों को ही कठघरे में खड़ा कर दवाब बनाने की कोशिश कर रहे हैं और उनके ईको सिस्टम इसे हवा दे रहे हैं। यहां तक कि इन्हें न्यायपालिका पर भी भरोसा नहीं है।

ऐसे लोगों से रहें दूर

भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए उसे जाति और धर्म से भी जोड़ने से गुरेज नहीं करते। ऐसे लोगों की रणनीति उजागर करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले ये भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जांच नहीं होने देते और जांच शुरू हो भी जाए तो इसे करने वाली एजेंसी पर ही दवाब बनाकर उसे प्रभावित करने में लग जाते हैं। उन्होंने सभी जातियों और संप्रदायों से ऐसे लोगों से दूर रहने का आह्वान किया।

प्रो-पूअर और प्रो-एक्टिव गवर्नेस माडल पर मुहर

मोदी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा व मणिपुर के परिणामों को जीत का चौका बताते हुए कहा कि ये पार्टी की प्रो-पूअर और प्रो-एक्टिव गवर्नेस माडल पर लोगों की मुहर हैं। साथ ही अगले 25 वर्षो के लिए पार्टी की नीतियों और उसके विजन पर लोगों के भरोसे को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने कई प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन पहली बार उसने कार्यकाल पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री को फिर चुना है।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने निभाया वादा

उन्होंने आगे कहा, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस साल होली 10 मार्च से शुरू होगी और उन्होंने वादा निभाया है। इन कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया और राज्यों के लोगों का भरोसा जीतने में सफल रहे। सरकार में होने के बावजूद मणिपुर, उत्तर प्रदेश और गोवा में भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है। गोवा में सभी एक्जिट पोल गलत साबित हुए और गोवा के लोगों ने हमें लगातार तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। उत्तराखंड में भी भाजपा ने इतिहास रचा है।’

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro

Our Visitor

0 7 0 2 9 6
Users Today : 11
Users Last 30 days : 645
Total Users : 70296

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *