नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनावी नतीजे लगभग आ चुके हैं. पांच में से चार राज्यों में फिर से बीजेपी की वापसी हुई है, तो वहीं पंजाब में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने कब्जा कर लिया है. यूपी और उत्तराखंड में वापसी करके बीजेपी ने इतिहास रच दिया, तो पंजाब से भी कांग्रेस की विदाई हो चुकी है. लेकिन जीत की रण में कई सियासी दिग्गज चित हो गए.
स्वामी प्रसाद मौर्य
चुनावों से ऐन पहले बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा सीट से हार गए हैं. दल बदल के बाद उन्होंने कहा था कि वो जिसे छोड़ देते हैं उसका कुछ अता-पता नहीं रहता.
पुष्कर सिंह धामी
BJP दो तिहाई बहुमत के साथ उत्तराखंड में सत्ता में वापसी कर एक नया इतिहास रच दिया, लेकिन पार्टी को बड़ा झटका लगा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधान सभा सीट से चुनाव हार गए.

केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बहुमत मिलने के बाद पूरे प्रदेश में समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है. लेकिन यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू सीट से हार का सामना करना पड़ा है. इस वजह से कहीं न कहीं थोड़ी निराशा जरूर देखने को मिल रही है.
हरीश रावत
उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनाव अभियान का नेतृत्व करने वाले हरीश रावत अपनी सीट नहीं जीत सके. हरीश रावत को लालकुआं सीट से मात खानी पड़ी है.
नवजोत सिद्धू
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट सीट से चुनाव हार गए हैं. अमृतसर ईस्ट सीट से नवजोत सिंह सिद्धू को आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार जीवन ज्योत कौर ने हरा दिया है.
चरणजीत सिंह चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ और चमकौर साहिब, दो सीटों से चुनाव मैदान में थे. पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी को दोनों ही सीटों से मात खानी पड़ी है.
अमरिंदर सिंह
आम आदमी पार्टी की लहर में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी चुनाव हार गए. पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला सीट से चुनाव मैदान में थे. कैप्टन को आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह कोहली ने करीब 19 हजार वोट के अंतर से हरा दिया है.
चंद्रशेखर आजाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ गोरखपुर सीट से प्रत्याशी चंद्र शेखर आजाद को सिर्फ 6,069 वोट मिले. जबकि सीएम योगी आदित्यनाथ को 1 लाख 15 हजार 936 वोट मिले.
अजय कुमार लल्लू
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कुशीनगर स्थित तमकुहीराज सीट से चुनाव हार गए.
रामगोविंद चौधरी
बलिया जिले की बांसडीह सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रामगोविंद चौधरी पिछले कई चुनावों से लगातार जीतते आ रहे थे. इस बार उन्हें भाजपा की केतकी सिंह ने मात दे दी है.