Nirbhik Nazar

संजय राउत बोले – यूपी चुनाव में मदद के लिए मायावती को भारत रत्न, ओवैसी को पद्म विभूषण दे बीजेपी

मुंबई : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत पर शिवसेना ने कहा है कि इसमें असदुद्दीन ओवैसी और मायावती का भी बड़ा योगदान रहा है। पार्टी के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि जिस तरह से मायावती का कोर वोट भाजपा को गया और असदुद्दीन ओवैसी ने सपा के वोटों में सेंध लगाई, उसने भाजपा का काम आसान किया। राउत ने तो इसके लिए इन दोनों नेताओं पर तंज करते भाजपा से इनको सम्मानित करने की भी मांग कर दी है।

उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर, पंजाब और उत्तराखंड के चुनाव नतीजों पर बोलते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, हार-जीत होती रहती है, हम इससे निराश नहीं हैं। उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। यूपी में उनकी ही सरकार थी लेकिन फिर भी अखिलेश यादव की सीटें काफी बढ़ गई है। बीजेपी की जीत में मायावती की बसपा और असदुद्दीन औवेसी की एआईएमआईएम का भी योगदान है। भाजपा को इनको पद्मविभूषण और भारत रत्न देना चाहिए।

भाजपा का भी पंजाब में बुरा हाल हुआ है

संजय राउत ने कहा कि भाजपा नेता लगातार शिवसेना को सीटों ना मिलने की बात कर रहे हैं लेकिन पंजाब पर चुप हैं। हमसे पूछा जा रहा है कि शिवसेना को यूपी में कितनी सीटें मिलीं? यूपी में कांग्रेस और शिवसेना की जो हार हुई है उससे बुरा हाल भाजपा का पंजाब में हुआ है। इस बारे में भी देश का मार्गदर्शन दीजिए कि ये क्यों हुआ है। राउत ने कहा कि चिंता का विषय ये है कि पंजाब में बीजेपी को जो कि एक राष्ट्रीय पार्टी है, पंजाब की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जाकर प्रचार किया लेकिन बीजेपी वहां बुरी तरह हार गई। भाजपा नेता इस पर क्यों चुप हैं। बता दें कि मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के विधानसभा चुनावों के नतीजे 10 मार्च को आए हैं। मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी जीती है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *