Nirbhik Nazar

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच करेगा इफ्तार और ईद मिलन समारोह की मेजबानी, RSS नेताओं को भी भेजा जायेगा निमंत्रण…

नई दिल्ली: मुस्लिम राष्ट्रीय मंच जल्द ही अपने सभी प्रकोष्ठ में देश-विदेश में कार्यकर्ता बढ़ाने का काम करेगी। कार्यकर्ताओं को बढ़ाने और समाज में एकता, सद्भावना, भाईचारे को मजबूती देने के लिए इस रमजान देश भर में मंच का हर कार्यकर्ता कम से कम एक दिन बड़े पैमाने पर इफ्तार कार्यक्रम करेगा। इनमें आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। मंच के मुख्य संरक्षक इंद्रेश कुमार स्वयं आरएसएस की सेंट्रल टीम के सदस्यों से आग्रह करेंगे कि वो अपने-अपने स्थानों पर इफ्तार में शामिल होने के लिए समय और तारीख की बुकिंग कर लें क्योंकि हर किसी को इसमें शामिल होना है।  इफ्तार और ईद मिलन समारोह कार्यक्रमों का मकसद है समाज के सभी तबके, समुदाय को जोड़ा जाना ताकि देश भर के लाखों लोगों तक इस पाक महीने में मुहब्बत और हुब्बुल वतनी (वतन परस्ती) का पैगाम पहुंचे।

इफ्तार के समय हाथों में होगा तिरंगा

इफ्तार के समय सभी के हाथों में तिरंगा होगा। इससे यह संदेश दिया जाएगा कि, जिस प्रकार मुसलमानों के आखिरी नबी हजरत मुहम्मद साहब ने जो वतन से ईमान, हुब्बुल वतनी और मुहब्बत का संदेश दिया था उस पर देश का हर मुस्लिम मुकम्मल ईमान रखता है। रोजे इफ्तार की तरह ही ईद मिलन समारोह होगा जो देश भर में शांति और सद्भावना का संदेश देगा। मुख्य संरक्षक इंद्रेश कुमार ने मंच के सभी प्रकोष्ठों के संयोजक, सह संयोजक एवं प्रभारियों के साथ बैठक में संदेश दिया कि मंच का काम विपरीत परस्तिथियों में भी संयम बरतते हुए सभी धर्मों, समुदायों, वर्गों और जातियों को साथ लेकर चलने का है और अपने इस धर्म पर मंच बिना किसी भेदभाव के सहजभाव से चलता रहेगा।

देश से विदेश तक मोहब्बत और अमन का पैगाम

इस मौके पर मंच के अध्यक्ष मोहम्मद अफजाल और राष्ट्रीय संयोजक शाहिद अख्तर ने कहा कि यह बड़े हर्ष की बात है कि एमआरएम के बीस साल और देश की आजादी का अमृत महोत्सव एक साथ ही है। मंच धूमधाम से देश भर में इसे उत्सव की तरह मनाएगा। बौद्धिक प्रकोष्ठ हिंदुस्तान फर्स्ट हिंदुस्तानी बेस्ट के राष्ट्रीय संयोजक बिलाल उर रहमान ने कहा कि मंच ने देश में हमेशा एकता, सम्मान और सब को साथ ले कर चलने की अलख जगाई है और इसी मिशन पर पूरी मजबूती के साथ काम करता रहेगा। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मीडिया प्रभारी शाहिद सईद ने बताया कि दुनिया के विभिन्न भागों में हो रही उठा पटक, नफरतों, युद्ध, क्रूरता, तोड़फोड़, द्वेष, अपराध, माओवाद के खिलाफ मुस्लिम राष्ट्रीय मंच देश से विदेश तक मुहब्बत और अमन का पैगाम फैलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि संस्था देश और समाज को तोड़ने वाली शक्तियों और विचारधारा को कुचलने में अहम योगदान देगी।

अत्याचार बर्दाश्त नहीं होगा

राष्ट्रीय संयोजक विराग पाचपोर और माजिद तालिकोटि ने कहा कि चाहे कुछ भी हो देश की फिजा नहीं बिगड़ने दी जाएगी। जुल्म करने वाले, छुआ-छूत मानने वालों, महिलाओं या बेकसूरों पर अत्याचार नहीं होने दिया जाएगा। महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय संयोजिका शालिनी अली और शहनाज हुसैन ने कहा कि भारत, भारतीय, भारतीयता के मिशन को फैलाते हुए देश के विकास में चौतरफा योगदान एमआरएम और मंच के कार्यकर्ता देते रहेंगे।

बैठक में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सभी राष्ट्रीय संयोजक, सभी प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय संयोजक एवं सह संयोजक, सभी छेत्रीय संयोजक तथा सभी प्रदेशों के संयोजक समेत हिंदुस्तान फर्स्ट एवं भारत फर्स्ट के राष्ट्रीय संयोजक तथा सह संयोजक बैठक में शामिल हुए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *