छिंदवाड़ा/म0प्र0 : दोस्तों के साथ शराब पीने की शर्त लगाना एक युवक को भारी पड़ गया। शर्त जीतने के चक्कर में वह इतनी ज्यादा शराब पी गया कि उसकी जान पर बन आई और उसे ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल युवक की हालत स्थिर है। दरअसल युवक ने अपने दोस्तों के साथ 10 गिलास देशी शराब पीने की शर्त लगाई थी। शर्त के मुताबिक उसने एक-एक करके दस गिलास देसी शराब गटक ली। लेकिन इसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामला खमारपानी के टेमनी का है। यहां रहने वाले रतन भलावी के दोस्तों ने उससे कहा कि वह एक साथ 10 गिलास देशी शराब नहीं पी सकता। रतन भलावी ने दोस्ती में यह चैलेंज कबूल कर लिया, और एक के बाद एक लगातार 10 गिलास शराब पी डाली। लेकिन इसके बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। रतन के मुंह से झाग निकलने लगा। उल्टियां होने लगी। यह देख वहां मौजूद सभी लोग घबरा गए। हालत बिगड़ते देख युवक को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है।
शर्त जीतने के लिए पी शराब
परिजनों के मुताबिक दोस्तों के साथ गांव में ही महफिल जमी थी। रतन ने अपने दोस्तों से शर्त जीतने के लिए इतनी शराब पी थी। जानकारी लगते ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल युवक की हालत स्थिर है।