भोजपुर/बिहार: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहित महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर कांड का राजफाश करते हुए मृतका के पति, भैंसुर और ससुर समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है। बुधवार की शाम एसपी विनय तिवारी ने प्रेस वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि मृतका की बड़ी बहन से पति का अवैध संबंध था। इसका विरोध उसकी पत्नी करती थी। इसी वजह से रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में पति, भैंसुर, ससुर व चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया है। कांड में प्रयुक्त देसी पिस्तौल के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पूछताछ में पति ने अपना जुर्म कबूल भी किया है। इसे लेकर मृतका की मां ने संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें षड्यंत्र के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पति समेत चार को आरोपित किया गया है।

हत्या के बाद से ही पुलिस को हो गया था संदेह
एसपी ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे पति ने चरपोखरी थानाध्यक्ष को मोबाइल पर सूचना दी गई कि उसकी पत्नी शौच के लिए बाहर गई हुई थी, जहां कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इलाज के लिए चरपोखरी पीएचसी लाया गया था। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रात में पीएचसी पहुंच गए। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। मृतका के शरीर व कपड़े पर खून नहीं लगा हुआ था। रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। लेकिन, वहां भी खून नहीं पाया गया।
इसके बाद पुलिस को मृतका के ससुरवालों पर ही संदेह गहराने लगा। एसपी ने बताया कि मृतका की बहन की शादी भी उसी घर में हुई है। उसी बहन ने अपनी मां को फोन कर सही बात बता दी। उसने बताया कि पति समेत ससुराल वालों ने घर में ही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस दौरान जांच के क्रम में मृतका के पति से भी पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात स्वीकार की।
पूर्व की रंजिश में दूसरे को फंसाने के लिए रचा गया था षड्यंत्र
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित पति के चाचा पूर्व मुखिया हैं। पूर्व से चली आ रही रंजिश में गांव के विरोधी पक्ष के लोगों को इस मामलें में फंसाना चाहते थे। इस लिए महिला की हत्या किए जाने के बाद उनका नाम लिया जा रहा था। बाद में मृतका के पति की निशानदेही पर पुआल में छिपाकर रखा गया हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद किया गया। टीम में थानाध्यक्ष निकुंज भूषण , दारोगा सम्राट सिंह, राजाराम प्रसाद एवं प्रशिक्षु दारोगा हरि प्रसाद शर्मा शामिल थे।