देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी में धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी का धन्यवाद अदा किया। भारतीय पेट्रोलियम के स्थापना दिवस समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरीश ने उनके लिए सीट छोड़ने की पेशकश की है और तमाम विधायक इस बात को कह रहे हैं। हालांकि, यह पार्टी तय करेगी कि उन्हें कहां से चुनाव लड़ना है। सहकारिता में भर्ती घोटाला, कर्मकार बोर्ड में साइकिल घोटाला व पूर्ववर्ती सरकार पर लगे घोटाले के आरोपों पर पूछे गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा। सिर्फ यही बात कही कि कानून अपना काम कर रहा है।
कांग्रेस से नाराज धारचूला विधायक हरीश धामी ने कहा था कि अगर जनता कहेगी तो वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ सकते हैं। ऐसे में हरीश धामी के इस बयान के कई राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे थे । धामी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने हमेशा से ही उन्हें नीचे दिखाने का काम किया है, जबकि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। धामी ने कहा था कि उन्होंने कांग्रेस के लिए बहुत कुछ किया पर कांग्रेस ने हमेशा उनका अपमान ही किया।। हरीश ने दो टूक कहा कि अगर क्षेत्र की जनता कहेगी तो वह सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ सकते हैं। हरीश का कहना है कि उनके पास अगल दल बनाकर जनता की सेवा करने का भी विकल्प खुला है।