देहरादून : उत्तराखंड की जनता बिजली की कटौती से परेशान है। कई घंटे हो रहे पावर कट की वजह से लोग गर्मी से हलकान है। इसी मामले पर अब पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने शुक्रवार को बिजली व पेयजल संकट के खिलाफ मौन उपवास किया। वहीं हरीश रावत ने फेसबुक पोस्ट के जरिए राज्य सरकार पर हमला बोला, कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही की वजह से बिजली संकट पैदा हुआ है।

अघोषित तरीके से घंटों-घंटों तक बिजली नहीं आ रही
रावत ने अपनी पोस्ट पर लिखा कि ‘ओम शांति-शांति-शांति। राज्य में सरकार की लापरवाही की वजह से जो विद्युत संकट पैदा हुआ, बिजली मिल नहीं रही है। अघोषित तरीके से घंटों-घंटों तक बिजली नहीं आ रही है। इंडस्ट्रीज परेशान हैं, व्यवसायी परेशान हैं, अध्ययनरत छात्र परेशान हैं और लगभग आठ से 10 घंटे तक की कटौती ग्रामीण क्षेत्रों सहित अन्य क्षेत्रों में नजर आ रही है।
मैंने इसके खिलाफ पहले भी आवाज बुलंद की थी, आज मेरा एक निजी प्रयास है, एक सीनियर सिटीजन के नाते, यह मेरा गैर राजनीतिक प्रयास है इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। ताकि सरकार अपनी कमियों को देख सके, विद्युत व्यवस्था में जो अव्यवस्था पैदा हो रही है उसको दुरुस्त करें…।
राज्य के चाहे शहरी क्षेत्र हों या ग्रामीण क्षेत्रों हों, बहुत विकट विद्युत कटौती का सामना कर रहे हैं। जनता विद्युत कटौती से परेशान है। इस अघोषित विद्युत कटौती और राज्य के सम्मुख उत्पन्न विद्युत व पेयजल संकट की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए मैं अपने देहरादून आवास पर मौन उपवास पर बैठा हूं।’