नारनौल : जिस मां ने अपना दूध पिला-पिलाकर बेटे को पाला, उसी इकलौते बेटे ने पीट-पीटकर अपनी मां की हत्या कर दी और पिता को भी घायल कर दिया। यह कलयुगी घटना हरियाणा मे नारनौल के नजदीकी गांव मंडलाना में घटित हुई। झगड़ालू बेटे ने अपने पिता को भी घायल कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित युवक को काबू कर लिया तथा उसे अस्पताल लेकर गई।

जानकारी के मुताबिक करीब 60 वर्षीय मेवा देवी और रतनसिंह यादव का एक ही बेटा अनिल यादव है, जो करीब 28 साल का है। वह झगड़ालू प्रवृति का है तथा अपने माता-पिता पर भी हाथ उठाता रहा है। माता-पिता ने उसकी शादी भी करवाई, लेकिन उसकी पत्नी भी इसी मारपीट एवं झगड़ालू प्रवृति के कारण उसे छोड़कर चली गई। फिलहाल यही घर पर रह रहे थे। किसी बात को लेकर शनिवार को झगड़ा हो गया तथा बेटे ने अपने माता-पिता से मारपीट की।
इस मारपीट में शाम को करीब पांच-छह बजे मेवा देवी की घर पर ही मौत हो गई, जबकि पिता रतनसिंह यादव घायल हो गया। आसपड़ोस के लोगों ने यह मंजर देखकर इसकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपित अनिल को काबू कर लिया, जबकि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। आरोपित युवक अनिल को भी अस्पताल ले जाया गया है तथा पुलिस के सामने उसने पीट-पीटकर अपनी मां की हत्या करना भी कबूल कर लिया है।