बहराइच: पुलिस ने बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर बिहार से किशोरी को खरीदा। इसके बाद जबरदस्ती बहराइच लाकर घर में बंधक बनाया और सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। किशोरी किसी तरह बाप-बेटे के चंगुल से छूट गई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।

बिहार से 15 वर्षीय किशोरी को खैरीघाट थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी बाप-बेटे ने मिलकर खरीद लिया। किशोरी को जबरदस्ती बिहार से बहराइच लाए और अपने घर में बंधक बना लिया। पुलिस के अनुसार बाप व बेटा मिलकर सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। इसी बीच किसी तरह दरिंदों के चंगुल से किशोरी छूट गई और भागकर थाने पहुंची। थाने में पुलिस को अपनी पीड़ा सुनाई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर बाप-बेटे के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रकरण की जानकारी होने पर एसपी केशव चौधरी ने तत्काल आरोपियों ककी गिरफ्तारी के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए। एसपी के निर्देश पर खैरीघाट थानाध्यक्ष निखिल श्रीवास्तव ने मुखबिरों का जाल बिछाया। मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष ने दलजीतपुरवा पुल के पास दबिश देकर बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों की पहचान बाप धनीराम पंडित व बेटे अंकुश के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि गांव में कोई जान न पाए इसके लिए धनीराम ने बिहार से खरीदकर लाई गई किशोरी का विवाह अपने बेटे से करवा दिया। जब किशोरी ने पुलिस को सूचना दी तब जाकर मामला सामने आया।
खैरीघाट थानाक्षेत्र में मानव तस्करी से जुड़ा मामला सामने आते ही थानाध्यक्ष को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गये। खैरीघाट पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गये आरोपी बिहार से किशोरी को खरीदकर लाए थे। ऐसे अपराधियों की सही जगह जेल है। सभी थानाध्यक्षों को अपराधियों पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया गया है।
– केशव चौधरी, एसपी, बहराइच