Nirbhik Nazar

बाराती मांगते रहे माफी, दुल्हन ने बारात वापिस लौटा दी, पढ़िये पूरा मामला…

वाराणसी: दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर शादी करने दुल्हन के घर बारात लेकर आया। इसकी जानकारी मिलने पर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। घटना से मचे हंगामे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। बरात पक्ष के लोगों ने दुल्हन को मनाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। घंटों पंचायत चली लेकिन आखिरकार बरात को बैरंग ही लौटना पड़ा। मामला वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। शुक्रवार सुबह से इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हैं। लोगों ने एक स्वर में लड़की और लड़की के परिवार की तारीफ की है। चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में गुरुवार रात मिर्जापुर से बरात आई थी। दुल्हन के घर में उत्सव का माहौल था। गांववाले बरातियों के स्वागत में लगे हुए थे। द्वार पूजा के लिए निकलने से पहले दूल्हा शराब के नशे में धुत हो गया। रथ पर बैठने के दौरान उसके कदम लड़खड़ाने लगे।


द्वार पूजा के लिए पहुंच गई बरात 
कुछ ही देर में यह बात जयमाल के लिए तैयार बैठी दुल्हन के कानों तक पहुंच गई। पुष्टि के बाद दुल्हन ने शराबी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। उसने अपने परिजनों को बुलाया अपना फैसला सुनाया। दुल्हन का कहना था कि जो युवक शादी में भी नशा करके आया हो, उसके साथ वह पूरा जीवन कैसे बिता पाएगी। ऐसे में मुझे किसी कीमत पर शादी नहीं करनी है।

बेटी के इस फैसले पर पिता को भी गर्व हुआ और फिर शादी से इंकार कर दिया गया। इधर, बरात डीजे पर नाचते-गाते दुल्हन के घर पहुंच गई। द्वार पूजा के पहले ही लड़की के पिता ने लड़के पक्ष से कहा कि मैं शादी नहीं करूंगा। बरात वापस ले जाइए। जिसके बाद हंगामा मच गया। दुल्हन के निर्णय से बरातियों में हड़कंप मच गया। दोनों तरफ से कहासुनी होने लगी। विवाद गहराता जा रहा था।

इस बीच किसी ने  दानगंज पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझा कर शांत कराया। लड़की से बात की गई तो वह अपनी अपनी जिद पर अड़ी रही कि मैं शादी नहीं करूंगी। कहा कि दूल्हा आदतन शराबी है। मेरा भविष्य खराब हो जाएगा। घंटों चली पंचायत के बाद बरात को बैरंग वापस लौटना पड़ा। दुल्हन की हिम्मत और निर्णय की लोग सराहना कर रहे हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *