देहरादून: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने के दृष्टिगत ड्राफ्ट बनाने के लिए विशेषज्ञ कमेटी के गठन के निर्णय को भाजपा ने सराहनीय कदम बताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। इस कड़ी में भाजपा सरकार ने समान नागरिक संहिता की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए प्रत्येक वायदे को सरकार पूरा करेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि राज्य के चहुंमुखी विकास और राज्यवासियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार दृढ़संकल्पित है। इस दिशा में सरकार ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। समान नागरिक संहिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से इसका वादा किया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहली कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में ड्राफ्ट तैयार करने के लिए विशेषज्ञ कमेटी के गठन का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने कमेटी गठित कर दी है, जो अपनी रिपोर्ट देगी। फिर इसके आधार पर सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करेगी।
कौशिक ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कहीं कोई अंतर नहीं है। यह निर्णय इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने दृष्टिपत्र के माध्यम से जो-जो वादे जनता से किए हैं, उन्हें प्रदेश सरकार एक-एक कर पूरा करेगी।