उत्तरकाशी : एसडीएम पुरोला व स्थानीय विधायक के बीच विवाद थम नहीं रहा है। अब विधायक दुगेश्वर लाल ने एसडीएम को निलंबित किए जाने की मांग की है। हालांकि शासन ने पुरोला एसडीएम को गढ़वाल मंडल आयुक्त कार्यालय पौड़ी से संबद्ध कर दिया है।
बीते शनिवार को एसडीएम पुरोला सोहन सिंह सैनी ने स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी थी। एसडीएम ने विधायक पर जान से मारने की धमकी देने सहित कई अन्य आरोप लगाए थे। वहीं विधायक दुर्गेश्वर ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था। अब विधायक ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने के साथ ही एसडीएम को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। विधायक ने कहा कि वह विधानसभा अध्यक्ष से भी इस संबंध में शिकायत की जाएगी।

विधायक ने नगर पंचायत पुरोला पर भी एसडीएम के साथ मिलकर षड़यंत्र के तहत एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति का वैध मकान तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं एसडीएम सैनी ने कहा कि विधायक उनके प्रति पूर्वाग्रह से ग्रसित है। वहीं शासन ने पुरोला एसडीएम सोहन सिंह को गढ़वाल आयुक्त कार्यालय पौड़ी से संबद्ध कर दिया है। एसडीएम पुरोला को तत्काल वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर नए कार्य स्थल पर तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अनुसचिव हनुमान प्रसाद तिवारी ने पत्र जारी किया है।