देहरादून: उत्तराखंड में सशक्त भू कानून की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक सुरेंद्र सिंह रावत 6 घंटे बाद उतर गया है. सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान द्वारा शासन के साथ वार्ता के आश्वासन पर सुरेंद्र सिंह रावत टावर से नीचे उतर गया है. पुलिस ने सुरेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया है. सुबह करीब साढ़े 7 बजे सुरेंद्र सिंह रावत मोबाइल टावर पर चढ़ गया था. युवक ने भू कानून की मांग पूरी ना होने पर आत्महत्या करने की धमकी दी थी.
बता दें कि उत्तराखंड सशक्त भू कानून की मांग को लेकर देहरादून के गांधी पार्क में 15 दिन से धरने पर बैठे क्रांतिकारी सुरेंद्र सिंह रावत आज सुबह पटेल नगर के मोबाइल टावर पर चढ़ गया था. उन्होंने भू कानून की मांग पूरी ना होने पर आत्महत्या करने की धमकी दी. सुरेंद्र ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि अगर वह आत्महत्या करता है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की होगी. मामले की सूचना पर तुरंत पटेल नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची गई थी. इसके कुछ देर बाद ही सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान भी मौके पर पहुंच गई थी और युवक से लगातार वार्ता करने का प्रयास कर रही थी, उनके काफी समझने के बाद सुरेंद्र रावत टावर से नीचे उतर आया।
