Nirbhik Nazar

चंपावत उपचुनाव: वोटिंग जारी, सीएम धामी सहित 4 प्रतियाशियों की जीत – हार तय करेंगे 96 हजार मतदाता …

चंपावत : उपचुनाव के लिए आज मंगलवार 31 मई को मतदान शुरू हो गया है। वोटरों में वोटिंग को लेकर काफी जोश दिखाई दे रहा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी सहित चार प्रत्याशियों के बीच टक्कर है। चंपावत में 106 दिनों बाद इस विधानसभा क्षेत्र के 96 हजार से अधिक मतदाता उपचुनाव में मतदान करेंगे। विस चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट पर चुनाव हार गए थे। लेकिन राज्य में भाजपा की 46 सीटें आने के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। पार्टी आलाकमान ने चुनाव हारने के बावजूद एक बार फिर धामी को ही सीएम बनाया है। इसके लिए उन्हें उपचुनाव में उतरना पड़ा। उत्तराखंड के चंपावत में उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। मतदान के शुरुआती दो घंटे में 18 प्रतिशत वोट पड़े हैं।

कानून तोड़ने वालों से की जाएगी सख्ती

एसपी देवेंद्र पींचा ने कानून व्यवस्था बाधित करने वालों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर किसी भी तरह की प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एसपी ने ये निर्देश निर्वाचन कार्य में लगे पुलिस अधिकारियों और जवानों को ब्रीफिंग के दौरान दिए।

बूथ का ठीक तरीके से निरीक्षण कर कमियों को दूर करने, मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने और पीठासीन अधिकारी की अनुमति के बगैर बूथ के अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं करने देने के निर्देश दिए।  एसपी ने वोट डालने के दौरान बूथ में महिला और पुरुष की अलग-अलग लाइन लगाने को कहा। उन्होंने बताया कि कोई भी मतदाता बूथ में ज्वलनशील पदार्थ और मोबाइल नहीं ले जा सकता। उन्होंने मतदान केंद्र में अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने को कहा। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने के भी निर्देश दिए।

कैलाश गहतोड़ी ने दिया था इस्तीफा

चम्पावत से विधानसभा चुनाव जीते कैलाश गहतोड़ी ने विधानसभा अध्यक्ष को अपनी सदस्यता से इस्तीफा सौंपकर सीएम के लिए सीट छोड़ी थी। सीएम के खिलाफ कांग्रेन ने महिला प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को मैदान में उतारा है। इसके अलावा दो और प्रत्याशी सपा समर्थित ललित मोहन भट्ट और निर्दलीय हिमांशु गड़कोटी भी चुनाव मैदान में हैं।

मतदाताओं की संख्या बढ़ी 

बीते चुनावों की अपेक्षा इस बार चम्पावत विस सीट पर मतदाताओं की संख्या 197 बढ़ी है। वर्तमान में 96213 कुल मतदाता 31 मई को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 50171 पुरुष और 46082 महिलाएं पंजीकृत हैं। वहीं पहाड़ की अपेक्षा मैदानी क्षेत्र हर बार ही विस चुनावों के परिणाम में अहम भूमिका निभाता है। मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा में 53 हजार से अधिक तो पहाड़ी इलाके में महज 43 हजार वोटर हैं।

दो माह पहले 66 फीसदी हुआ था मतदान

बीते विधानसभा चुनाव में चम्पावत विधानसभा सीट पर कुल 66 फीसदी मतदान हुआ था। तब कुल 63370 मतदाताओं ने अपने मत का उपयोग किया था। इनमें से 30768 पुरुषों और 32602 महिला मतदाताओं ने वोट दिया था। महिला वोटर हर बार विजेता प्रत्याशी की जीत में अहम भूमिका निभाती आई हैं। दो माह पूर्व भी विस चुनाव में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने करीब 10 फीसदी अधिक मतदान किया था। इस बार उपचुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *