गोरखपुर: गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के बीएसएफ जवान ने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि उनका पुत्र उनकी हत्या करना चाहता है। बीएसफ जवान सियाराम सिंह हरपुर बुदहट थाने के सोनबरसा बाबू गांव के निवासी हैं। जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर उन्होंने कहा कि उनका पुत्र संदीप उनकी हत्या करना चाहता है। उन्होंने बताया कि उसकी नजर उनकी नौकरी पर है। हत्या के बाद वह उनकी नौकरी हथियाना चाहता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।
पुलिस ने दी पुत्र को दी चेतावनी
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। बीएसएफ जवान ने दो शादियां की है। पहले वह पहली पत्नी के पुत्र को उसका खर्च देते थे। दूसरी शादी के बाद से वह अधिकांश समय गोरखपुर में ही रहते हैं। वह अब बेटे को खर्च भी नहीं देते हैं। इस मामले की जांच कराई गई थी। बेटे से उनका कोई विवाद नहीं हुआ है। डर की आशंका से उन्होंने प्रार्थना पत्र दिया है। हत्या व आत्महत्या के मामले में मृतक आश्रित को नौकरी नहीं मिलती है। फिलहाल उनके पुत्र को इस मामले में चेतावनी दी गई है।

जनता दर्शन में 11 सौ लोग पहुंचे, मुख्यमंत्री ने दो घंटे से अधिक समय तक सुनीं समस्याएं
मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में अबतक का रिकार्ड टूट गया। करीब 1100 लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्हें गोरखनाथ मंदिर के हिन्दू सेवाश्रम के साथ यात्री निवास में भी बैठाया गया था। करीब दो घंटे से अधिक समय तक मुख्यमंत्री ने एक-एक व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी बात सुनी और अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण तहसील एवं थाना स्तर पर ही कर दिया जाये। निस्तारण समयबद्ध तरीके से पूरी गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जनता दर्शन में आने को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सवाल भी किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का निस्तारण कर दिया जाये तो लोगों को यहां आने की जरूरत नहीं होगी।
सुबह से ही लगने लगी थी भीड़
सुबह से ही विभिन्न जिलों के लोग गोरखनाथ मंदिर पहुंचने लगे थे। मुख्यमंत्री सुबह करीब सात बजे जनता दर्शन में पहुंचे। बाहर लाइन देखकर उन्होंने निर्देश दिया जगह होने पर सभी को अंदर बुलाया जाये। मुख्यमंत्री एक-एक व्यक्ति तक गए और उनकी समस्या सुनी। अधिकतर मामले राजस्व से जुड़े थे। इसका निस्तारण करने का निर्देश उन्होंने जिलाधिकारी को दिया। जिले से बाहर के भी कई लोग जनता दर्शन में आए थे। पुलिस से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण करने के लिए उन्होंने डीआइजी को निर्देश दिया। कई लोगों ने पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की शिकायत की। कुछ लोग दोबारा भी वहां आए थे। घरेलू समस्याएं लेकर भी लोग जनता दर्शन में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने लोगों को समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।
दबंगों ने कब्जा कर ली है जमीन
जनता दर्शन में आए खजनी तहसील क्षेत्र के चौतरवां निवासी रामबलि केवट ने मुख्यमंत्री से बताया कि उनकी जमीन पर गांव के कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया है। जब वह अपना खेत जोतने जाते हैं तो दबंग उन्हें मारपीट कर भगा देते हैं। महानगर के गिरधरगंज निवासी सुमन ने अपने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की अपील लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे एस्टीमेट बनवाने को कहा।