अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में पुलिस ने पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में महिला को उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. महिला ने पति को मारने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी. महिला पहले भी प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की कोशिश करा चुकी है. उसमें विफल होने पर फिर गोली से मारने की साजिश रची थी लेकिन पति साजिश का शिकार होने से बच गया.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 30 मई 2022 को पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति किसी व्यक्ति को जान से मारने की साजिश रच रहे हैं. दोनों के पास हथियार भी हैं. ऐसे में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया. दोनों आरोपितों के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए.
पूछताछ में आरोपी दिनेश कुमार ने बताया कि उसका एक महिला से प्रेम संबंध है. वह अपने पति को जान से मरवाना चाहती है. इसके लिए उसे पांच लाख रुपये में सुपारी दी है. दिनेश कुमार ने बताया कि वह पहले भी अपने साथियों के साथ मिलकर महिला के पति की हत्या की कोशिश कर चुका है लेकिन वह बच गया था. इस मामले में गिरफ्तार सचिन व सोनू के खिलाफ 3-3 मुकदमें पहले से ही दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.