Nirbhik Nazar

महिला को डसकर, 12 घंटे तक उसकी मौत का इंतज़ार करता रहा मायावी साँप ! और फिर…

जमुई:  जिले के चकाई थाना क्षेत्र के रामचंद्रडीह पंचायत अंतर्गत पाटजोड़ी गांव में एक ब्लैक कोबरा दो दिनों से इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, पाटजोड़ी गांव निवासी शंभू राय की पुत्री की शादी 6 जून को होनी थी। शादी को लेकर घर में तैयारियां जोरों पर थी। गुरुवार की सुबह 9 बजे के करीब शंभू राय की पत्नी कुसुम देवी उर्फ गमनी देवी घर के कमरे में खाना बनाने के लिए चावल निकालने के लिए गई, तभी घर के कोने में रहे विशालकाय ब्लैक कोबरा सांप ने उसे डस लिया, जिससे महिला की स्थिति गंभीर हो गई। महिला को इलाज कराने के बजाय गांव के ही एक मंदिर में ले जाकर रख दिया और उसके ठीक होने का इंतजार करने लगे। इधर, कोबरा उसी कमरे में फन फैलाए बैठा रहा।

लोगो में मान्यता है कि कोई भी विषैला सांप काट लेता है, तो वहां ले जाकर रखने पर वह ठीक हो जाता है। सुबह से लेकर रात 8:00 बजे तक महिला को मंदिर परिसर में ही रखा गया लेकिन ठीक होने के बजाय उसकी स्थिति बिगड़ती गई और रात्रि 9:00 बजे के करीब महिला ने दम तोड़ दिया। महिला को डसने के बाद ब्लैक कोबरा लगातार कमरे में पूरी तरह फन काढ़े डटा रहा। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में आसपास के इलाके के लोग दिन भर पहुंचते रहे। बावजूद कोबरा टस से मस नहीं हुआ और अपने स्थान पर डटा रहा।

महिला को डसने के बाद 12 घंटे तक कमरे में जमा रहा ब्लैक कोबरा

महिला की मौत होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ब्लैक कोबरा को भी घेर कर कमरे में ही ढेर कर दिया। महिला की मौत से घर में मातम पसर गया। मृतक को एक लड़का और दो लड़की है। एक लड़की की शादी 6 जून को होने वाली थी, जिसकी तैयारी को लेकर घर में चहल-पहल और खुशी का माहौल था लेकिन मौत से लोगों में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कभी कहीं लोगों को विषैला सांप काट लेता था तो वहां लाने पर ठीक हो जाता था लेकिन यह पहली बार है कि यह महिला ठीक नहीं हुई। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में होती रही। शुक्रवार की दोपहर बाद महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुछ लोग इसे दूसरी नजर से भी देख रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि ये कोई मायावी कोबरा ही है, जो मंदिर में महिला को रखने के बाद भी वो ठीक नहीं हुई। ऐसा तो पहली बार हुआ है।

(नोटः हम किसी भी अंधविश्वास का पुरजोर विरोध करते है। हम किसी की आस्था को ठेस पहुंचाने का कोई उद्देश्य नहीं रखते। उक्त खबर जमीन पर चल रही चर्चा के आधार पर लिखी गई है।)

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *