Nirbhik Nazar

आराम करने बैठा था कुत्ता आया और काटकर भाग गया, पागल कुत्ते ने आधे घंटे में 25 लोगों को काटा…

हरिद्वारः कोतवाली हरिद्वार क्षेत्र में आज सुबह एक आवारा कुत्ते ने सिर्फ आधे घंटे के भीतर सड़क पर चल रहे 2 दर्जन से अधिक लोगों को काट दिया. जिससे बिरला घाट से लेकर हर की पैड़ी क्षेत्र तक अफरा-तफरी मच गई. इससे गुस्साए लोगों ने डंडे से पीट पीटकर कुत्ते को मार डाला. जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच ललिता राव पुल के पास स्थित बिरला घाट क्षेत्र से शुरू हुआ एक आवारा पागल कुत्ते का तांडव हर की पैड़ी के पास जाकर समाप्त हुआ. बताया जा रहा है कि इस कुत्ते ने सिर्फ आधे घंटे के भीतर ही करीब 26 लोगों को काटा. जिसमें स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर घूम रहे यात्री भी शामिल थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस कुत्ते के सामने जो भी आता गया, उसे काटता गया. ऐसा नहीं कि इसने सिर्फ मामूली खरोंच लोगों को मारी हो, कई लोगों के पैर से तो मांस तक नोच डाला. जिला अस्पताल में भी 8:30 बजे से घायलों के आने का सिलसिला 9:30 बजे तक जारी रहा. जिससे अस्पताल में भी हड़कंप मचा दिया.

लोगों ने कुत्ते को पीट पीटकर मार डाला

अकेले अकबर रोड पर ही 20 से ज्यादा लोगों को काटने वाले इस कुत्ते को हर की पैड़ी के पास रहने वाले कुछ लोगों ने डंडे से सिर्फ इसलिए ही पीट पीटकर मार डाला क्योंकि, यह शायद पागल हो चुका था. जो हर आने जाने वाले व्यक्ति को काट रहा था. इस कुत्ते के मरने के बाद यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है. स्थानीय निवासी सुरेश कुमार का कहना है कि जब वे जूना अखाड़े के पास नाश्ता करने जा रहे थे तो इस पागल कुत्ते ने उन्हें भी काट खाया. इनका कहना है कि इनके अलावा भी कई लोगों को इस कुत्ते ने काटा है. स्थानीय व्यक्ति तो फिर भी व्यवस्था कर लेगा, लेकिन जो बाहर से आया हुआ यात्री है, वो कैसे एडजस्ट करेगा. इस समय अस्पताल में हाहाकार मचा हुआ है. उन्होंने कहा कि आए दिन हरिद्वार के बाजारों में सांड खुले घूमते रहते हैं. जिनके कारण अब तक कई लोगों की मौत भी हो चुकी है, लेकिन इनको पकड़ने का जो बजट आता है, वो आखिर जाता कहां है? नगर निगम सड़कों पर घूमने वाले इन आवारा जानवरों के लिए कुछ करने को राजी नहीं है. यह बड़ी शर्म की बात है. यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों के साथ इस तरह की घटना होने के बाद हरिद्वार की व्यवस्था का क्या संदेश देशभर में जाएगा.

हरियाणा के कैथल से आए प्रवीण कुमार गोयल का कहना है कि वो थकावट की वजह से सड़क किनारे बैठ गए थे. तभी कुत्ते ने उनको भी काट लिया. फिर पता चला कि यह काफी संख्या में लोगों को काट चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन ने इस कुत्ते को पकड़ने की जरूरत नहीं समझी. हर की पैड़ी से निकलते ही उन्हें इस कुत्ते ने काट लिया था. यात्री बाहर से आते हैं और ऐसे में यदि उनके साथ ऐसा हो जाए तो बहुत परेशानी होती है. कुत्ते का इंजेक्शन 3 दिन बाद लगवाना है. अब यात्री हरिद्वार में रुककर इंजेक्शन लगवाए या फिर अपने वापस घर जाएं? जब अस्पताल में ज्यादा मरीज आ गए, उसके बाद चिकित्सक हरकत में आए.

हर मिलाप मिशन राजकीय अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अताउर रहमान का कहना है कि अभी तक करीब 20 मरीजों को उपचार दे दिया गया है. एआरबी और कुत्ते के काटने वाले रेबीज इंजेक्शन सभी को लगा दिया गया है. स्थानीय पुलिस को भी इस बात की जानकारी दे दी गई है कि इतनी अधिक संख्या में कुत्ते के काटने के मामले अस्पताल पहुंचे हैं. मरीजों में यात्री और लोकल दोनों तरह के ही लोग शामिल हैं.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *