Nirbhik Nazar

कांग्रेस ने लिया भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा सफल बनाने का संकल्प…

देहरादून: देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कांग्रेस ने अपने निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए शक्ति झोंकनी शुरू कर दी है। पार्टी की नजरें भाजपा के कार्यक्रमों और उसकी तैयारियों पर भी है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक कर नौ अगस्त क्रांति दिवस से प्रदेश के सभी जिलों में प्रस्तावित भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा को लेकर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया। बैठक में भाजपा के ‘हर घर तिरंगाÓ कार्यक्रम को कांग्रेस ने अपनी विचारधारा की जीत बताया।

पांच अगस्त तक 75 किमी की यात्रा न‍िकालने का कार्यक्रम तय

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पार्टी कार्यक्रमों के लिए मुख्य समन्वयक बनाए गए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने बैठक की। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वर्चुअल तरीके से बैठक में सम्मिलित हुए। नौ अगस्त से 15 अगस्त तक प्रत्येक जिले में 75 किमी की भारत जोड़ो यात्रा निकालने का कार्यक्रम तय है। इसे सफल बनाने को मंथन किया गया। यात्रा का समापन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर जिला मुख्यालयों एवं प्रदेश मुख्यालय में समारोहपूर्वक होगा।

हाईकमान को देनी होगी यात्रा में प्रतिभाग करने वाले नेताओं की सूची

यह तय किया गया कि प्रत्येक जिले में तिरंगा यात्रा के लिए पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक की उपस्थिति में कांग्रेसजनों की बैठक होगी। इसमें यात्रा रूट तय किया जाएगा। सात दिन तक यात्रा में प्रतिभाग करने वाले नेताओं की सूची 27 जुलाई को प्रदेश मुख्यालय और 29 जुलाई तक पूरी जानकारी पार्टी हाईकमान को दी जाएगी। यात्रा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में वक्ताओं ने भाजपा के प्रदेशभर में तिरंगा झंडा लगाने के कार्यक्रम को कांग्रेस की विचारधारा की जीत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने कभी तिरंगे को स्वीकार नहीं किया। भाजपा का तिरंगे को सम्मान देने का निर्णय स्वागत योग्य है। बैठक में यह भी तय हुआ कि भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा को सफल बनाने को एक अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के जिला व महानगर अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों समेत तमाम वरिष्ठ पार्टी नेताओं की बैठक होगी।

आप नेता रविंद्र पुंडीर कांग्रेस में हुए शामिल

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को अध्यक्ष करन माहरा समेत कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह पुंडीर ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *