करौली/राज0 : राजस्थान के करौली जिले में शादी के सात साल तक बच्चा पैदा न होने से निराश एक दंपत्ति को एक साथ पांच गुना खुशियां मिली. मासलपुर के पिपरानी निवासी एक महिला ने एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया. हालांकि ये बच्चे काफी कमजोर हैं और इनका इलाज चल रहा है. पांच बच्चों में तीन लड़कियां और दो लड़के हैं. मिली जानकारी के अनुसार, मासलपुर के पिपरानी की रहने वाली रेशमा ने सोमवार सुबह पांच बच्चों को जन्म दिया था. बताया जा रहा है कि महिला की डिलीवरी सात महीने में हो गई थी.

डिलीवरी के बाद महिला स्वस्थ है लेकिन पांचों बच्चे काफी कमजोर हैं. बताया जा रहा है कि पांचों बच्चों का जन्म एक से डेढ़ मिनट के अंतराल में हुआ. बच्चों का वजन 300 से लेकर 660 ग्राम तक है. महिला शादी के सात साल बाद पहली बार मां बनी है. डॉक्टरों का कहना है कि एक साथ पांच बच्चों के जन्म का मामला बहुत कम देखने को मिलता है.
बच्चे का मां रेशमा का कहना है कि शादी के कई साल बीतने के बाद भी उन्हें बच्चा नहीं हुआ. उन्होंने कई जगहों पर दिखवाया और इलाज करवाया. लंबे समय बाद उन्हें एक साथ बच्चे हुए हैं. वजन काफी कम होने के कारण डॉक्टरों की देखरेख में बच्चों को रखा गया है. एक साथ पांच किलकारियां गूंजने से परिवार और रिश्तेदार सब काफी खुश हैं.