Nirbhik Nazar

16 को दिल्ली मे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों की बैठक, करन माहरा भी करेंगे शिरकत, इन मुद्दों पर होगी चर्चा…

देहरादून: कांग्रेस के प्रदेश संगठन के कप्तान करन माहरा को नई टीम अगले माह सितंबर के दूसरे पखवाड़े तक मिल सकेगी। प्रदेशभर में पार्टी का नया सांगठनिक ढांचा भी अब सितंबर माह के पहले सप्ताह तक आकार लेगा। प्रदेश में कांग्रेस संगठन वर्तमान में परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 225 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इसे पहले बीते माह पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन पार्टी के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के चलते यह अभियान आगे खिसक गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तिथि 21 सितंबर तक आगे बढ़ा दी गई है। ऐसे में प्रदेश में भी सांगठनिक परिवर्तन और नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की कवायद पर भी प्रभाव पड़ा है। पार्टी 225 सांगठनिक ब्लाक इकाइयों का गठन कर चुकी है। इस बीच पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय बनाने के लिए सांगठनिक जिलों की संख्या कम करने पर विचार किया जा रहा है। यद्यपि इस बारे में अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया।

16 को दिल्ली जाएंगे करन माहरा

अब कांग्रेस के सभी प्रदेश अध्यक्षों की 16 अगस्त को दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर महंगाई को लेकर आंदोलन के बारे में निर्णय ले सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा पार्टी के केंद्रीय नेताओं, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और उत्तराखंड के लिए नामित चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश संगठन और जिला इकाइयों के बारे में चर्चा कर सकते हैं।

जिला इकाइयों में बढ़ेगी विधायकों की भूमिका

जिला इकाइयों की सक्रियता बढ़ाने के लिए इनमें विधायकों की भूमिका को बढ़ाया जा रहा है। इन इकाइयों में विधायकों के साथ ही उनके समर्थकों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि पार्टी में ब्लाक से लेकर जिला और प्रदेश स्तर पर संगठन में युवा और सक्रिय सदस्यों को स्थान मिलेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *