देहरादून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का सांगठनिक गठन 15 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। जिलों से लेकर प्रदेश तक मोर्चो विभाग और प्रकोष्ठ भी गठित हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिलास्तर के सभी पदाधिकारियों को बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी दी जाएगी। बुधवार को पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2024 के लोस चुनाव की तैयारी के लिए दायित्व सौंपे जाएंगे। यूएसनगर और हरिद्वार में हारी हुई सीटों को जिताने की जिमेदारी राज्य सभा सांसदों की भी होगी। पार्टी चंपावत उपचुनाव का फार्मूला अपनाएगी। उन्होंने बताया कि जिलों की कार्यकारिणी का गठन बाद में होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम में पार्टी हाईकमान ने क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। इसके अलावा अनुभव के साथ-साथ युवा और महिला दोनों वर्गों को भी तरजीह दी है। पहली दफा संगठन में सभी जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की टीम में संगठनात्मक जिलों में महानगर व दून के पास सबसे ज्यादा आठ पद थे। इसके बाद नैनीताल में तीन और यूएसनगर के दो नेताओं के पास संगठन में जिम्मेदारी थी। वहीं अब, भट्ट की टीम में सभी जिलों के नेताओं का ख्याल रखा गया है। पौड़ी, यूएसनगर और नैनीताल जिले को चार-चार पद दिए गए हैं, जबकि देहरादून जिला और महानगर को दो-दो पदों का प्रतिनिधित्व सौंपा गया है। हरिद्वार के खाते में भी दो पद आए हैं। मंडल भी बराबर भाजपा की नई टीम में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल से 14-14 पद बांटें गए हैं। एक तरह से पार्टी ने दोनों मंडलों को बराबर मान दिया है।

वहीं ठाकुर-ब्राह्मण दोनों वर्गों को भी खुश कर दिया। दोनों वर्गों को बराबर नौ-नौ पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में पांच पूर्व विधायकों को जगह देकर जहां अनुभव का समावेश किया गया है वहीं, महिलाओं का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाकर उन्हें छह पद दिए गए हैं। उम्र के लिहाज से बात करें तो संगठन में 95 फीसद पदाधिकारी 40 से 56 साल के बीच के हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भटट ने कहा संगठन में अनुभवी, कर्मठ, युवा, महिला और चुनावी प्रबंधन में माहिर कार्यकर्ताओं का समावेश किया गया है। प्रदेश संगठन में पहली बार सभी जिलों को प्रतिनिधित्व भी मिला है। नई टीम पूरे जोश के साथ संगठन को मजबूती देने के साथ ही सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाएगी।