Nirbhik Nazar

नाबालिग को गर्भवती मान, लोगों ने मां-बेटी का जीना कर दिया था हराम, पेट से निकला 15 किलो का ट्यूमर तो लड़की को भी मिल गया दर्द से आराम…  

प्रतापगढ़: गरीबी किसी को कितना मजबूर कर सकती है इसे 17 साल की प्रतापगढ़ की इस लड़की के उदाहरण से समझा जा सकता है। इस लड़की को 11 महीने तक लोग गर्भवती समझकर ताने देते रहे। घर से निकलना मुश्किल हो गया। लड़की को लेकर उसकी मां डॉक्‍टरों के यहां खूब दौड़ी लेकिन इलाज के लिए उनकी मांग को पूरा नहीं कर सकी सो केजीएमयू लखनऊ आने तक पता ही नहीं चला कि लड़की गर्भवती नहीं बल्कि उसके पेट में ट्यूमर है। डॉक्‍टरों ने यहां ऑपरेशन कर उसके पेट से 15 किलोग्राम का ट्यूटर निकाला। प्रतापगढ़ स्थित रानीगंज के दुर्गागंज गांव निवासी रागिनी (बदला नाम) के पति 16 साल पहले पत्नी और बेटी को छोड़कर चले गए थे। रागिनी ने गांव में ही दूसरे व्यक्ति से विवाह कर लिया। उससे रागिनी की दो और बेटियां हुईं लेकिन दूसरे पति की मारपीट से तंग आकर वह बेटियों को लेकर मायके आ गई। गांव में छप्पर के नीचे रहने लगी। इसी दौरान 17 साल की बड़ी बेटी के पेट में दर्द शुरू हुआ। लड़की पीड़ा में कराहती रही और लोग उसे गर्भवती समझते रहे। लड़की का पेट फूल गया था। जांच और इलाज के अभाव में वह घर पर ही पड़ी रही। इस बीच लोग उसे खूब ताने देते रहे। धीरे-धीरे एक-दो नहीं 11 महीने बीत गए।

जब लड़की के गर्भवती होने का शक खत्‍म हो गया तो गांव के प्रधान ने स्वास्थ्य कार्यकत्री को बुलाया। यूरि‍न जांच में गर्भावस्था की पुष्टि नहीं हुई। उधर, लड़की की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने किशोरी को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लड़की को प्रयागराज भेज दिया। डॉक्टरों ने इलाज पर डेढ़ लाख रुपये का खर्च बताया। गरीब परिवारीजनों ने इतनी बड़ी रकम देने में खुद को असमर्थ बताया तो डॉक्टरों ने लड़की को केजीएमयू भेज दिया।

केजीएमयू में मिला मुफ्त इलाज

केजीएमयू जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. सुरेश कुमार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने किशोरी की जांचें कराईं। केजीएमयू प्रशासन ने सारी जांच, भर्ती शुल्क माफ कर दिया। डॉ. सुरेश ने बताया कि अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन समेत खून की कई तरह की जांच कराई गई।

ऑपरेशन कर 15 किलो का ट्यूमर निकाला

जांच में पेट में पता चला कि लड़की के पेट में 15 किलो का ट्यूमर है। इसके बाद केजीएमयू के डॉ. सुरेश ने ऑपरेशन का फैसला किया। 11 अगस्त को ऑपरेशन कर ट्यूमर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद किशोरी पूरी तरह से सेहतमंद है। ऑपरेशन टीम में डॉ. संजीव कुमार, सीनियर रेजिडेंट डॉ. आदेश शामिल हुए।

केजीएमयू डॉक्‍टर ने की मदद

केजीएमयू प्रशासन ने जांच और दवाएं आदि मुहैया कराईं। डॉ. सुरेश ने डिस्चार्ज के बाद युवती को घर तक जाने का किराया और भोजन आदि के लिए भी मदद की। डिस्चार्ज के बाद लड़की ने फिर से पढ़ाई करने की इच्छा जाहिर की है। लड़की की मां चाहती है कि उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

 

गरीब मरीजों को केजीएमयू में लगातार मुफ्त इलाज मुहैया कराया जा रहा है। इस लड़की को भी मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है। इसमें जांच, ऑपरेशन और दवा आदि शामिल है। ऐसे मरीजों की मदद के लिए केजीएमयू प्रशासन हमेशा तैयार है।

डॉ. सुधीर सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयू

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro

Our Visitor

0 6 9 7 0 7
Users Today : 14
Users Last 30 days : 699
Total Users : 69707

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *