देहरादून : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की ओर से आनलाइन करवाई गई वन दारोगा की भर्ती में नकल के मामले में एसटीएफ ने रायपुर थाने में नौ आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया है।
एसटीएफ कर रही मामले की जांच
बीते चार सितंबर को इसी मामले में साइबर थाने में कंप्यूटर उपकरणों के साथ छेड़छाड़ के आरोप में छह आरोपितों के विरुद्ध आइटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में अब रायपुर थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें छह अभ्यर्थियों के साथ तीन एजेंट भी शामिल हैं। एसटीएफ इस मामले की जांच कर रही है।
16 से 25 जुलाई 2021 तक हुई थी परीक्षा
दरअसल, वन दारोगा के कुल 316 पदों पर आयोग की ओर से 16 से 25 जुलाई 2021 तक आनलाइन परीक्षा आयोजित करवाई गई। आयोग ने परीक्षा के लिए संपन्न करवाने के लिए सर्विस प्रोवाइडर कंपनी एनएसईआइटी को हायर किया था।
- परीक्षा 18 पालियों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर हुई थी।
- इसके बाद आयोग ने अभ्यर्थियों के प्राप्तांक का आकलन किया। परीक्षा में आठ अभ्यर्थियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
- प्राथमिक जांच में पता चला कि इन अभ्यर्थियों ने दो घंटे की यह परीक्षा पहले 30 मिनट या अंतिम 30 मिनट में ही पूरी कर ली।

इन आठ अभ्यर्थियों में से छह अभ्यर्थी स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी परीक्षा केंद्र से हैं, जिनमें से चार अभ्यर्थियों को विभिन्न तिथियों में दो आइपी आवंटित किए गए। अन्य दो अल्मोड़ा स्थित नंदा देवी इंफोटेक साल्यूशन व नैनीताल स्थित राधाकृष्ण एसेसमेंट सेक्टर-एक परीक्षा केंद्र से हैं। इसके बाद आयोग ने एसटीएफ से मामले की जांच करवाई।
एक आइपी एड्रेस से दी परीक्षा
जांच में यह भी सामने आया है कि अभ्यर्थी अनुज कुमार निवासी टोडा कल्याणपुर रुड़की, दीक्षित कुमार निवासी जमालपुर खुर्द हरिद्वार, मोहम्मद जीशान निवासी नगला खुर्द लक्सर हरिद्वार, मोहम्मद मजीद निवासी जौरसी मस्त लंढौर मंगलौर ने एक ही आइपी एड्रेस व सचिन कुमार निवासी तेलीवाला शिवदासपुर कलियर शरीफ हरिद्वार व शेखर कुमार निवासी रायसी पोडोवाली लक्सर हरिद्वार ने एक आइपी एड्रेस से परीक्षा दी।
नकल करवाने का आरोप
इन अभ्यर्थियों ने एक समान उत्तर भी दिए हैं। ऐसे इन अभ्यर्थियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि अभ्यर्थियों से पूछताछ के आधार पर रविंदर सिंह निवासी लक्सर हरिद्वार, प्रशांत कुमार निवासी खानपुर हरिद्वार और अश्वनी कुमार निवासी आसफ नगर मंगलौर हरिद्वार को भी मुकदमे में नामजद किया गया है। इन तीनों को पूर्व में एसटीएफ गिरफ्तार कर चुकी है। इन पर अभ्यर्थियों को नकल करवाने का आरोप है।