Nirbhik Nazar

हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: धामी के काम पर जनता का विश्वास, महेंद्र भट्ट भी परीक्षा मे पास…पढ़ें कैसे जीती बीजेपी…

देहरादून :  प्रतिष्ठा का प्रश्न बने हरिद्वार जिले के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया है। राज्य गठन के बाद से अब तक भाजपा यहां जिला पंचायत में अधिकतम चार सीटें ही जीत पाई थी, लेकिन गुरुवार देर रात तक आए चुनाव नतीजों का रुझान बता रहा है कि इस बार पार्टी अपने दम पर या निर्दलीय की मदद से जिला पंचायत पर काबिज हो सकती है। उधर, विपक्ष कांग्रेस के लिए विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी हार के बाद हरिद्वार पंचायत चुनाव का प्रदर्शन बड़ा झटका साबित होने जा रहा है। विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सत्तासीन हुई भाजपा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए हरिद्वार पंचायत चुनाव पहली बड़ी परीक्षा रहे। जिसमे नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पास हो गए हैं और सीएम धामी के काम पर जनता ने विश्वास जताया है । 12 घंटे में पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित करने का दावा करने वाला जिला प्रशासन मतगणना के करीब 60 घंटे बाद जिला पंचायत की 44 सीटों के परिणाम घोषित कर पाया। ग्राम प्रधान और बीडीसी के भी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस पंचायत चुनाव में बसपा और कांग्रेस को जहां झटका लगा है, वहीं निर्दलीय और भाजपा को बढ़त हासिल हुई है। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य की 4305 सीटों पर 8791 प्रत्याशियों के भाग्य के फैसले को सोमवार को साढ़े आठ लाख से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले थे। चुनावी दंगल में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा बुधवार को खुलना था, लेकिन मतगणना की धीमी गति और अव्यवस्थाओं के चलते 60 घंटे के बाद ही परिणाम घोषित हुए। जिला पंचायत की 44 सीटों में निर्दलीय 15, भारतीय जनता पार्टी 14, बसपा छह, कांग्रेस पांच, एआइएमआइएम को दो सीट, आप एक और आरजेपी के खाते में एक सीट आई है।

हरिद्वार जिला पंचायत में पहली बार भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

हरिद्वार जिले के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में राज्य गठन के बाद से अब तक का सबसे जोरदार प्रदर्शन करने वाली भाजपा ने जिला पंचायत में स्पष्ट बहुमत हासिल करने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। भाजपा ने स्वयं 14 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद छह नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को अपने पाले में लाने में सफलता पाई है। ये छह जिला पंचायत सदस्य शुक्रवार शाम विधिवत भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि छह अन्य नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य शनिवार को भाजपा का दामन थामेंगे। भाजपा के लिए हरिद्वार के पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस वर्ष की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को आशानुरूप सफलता नहीं मिल पाई थी। यहां तक कि चौथी विधानसभा की अपेक्षा उसके विधायकों की संख्या जिले में कम हो गई थी। फिर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग व विधानसभा में नियुक्तियों के प्रकरण को कांग्रेस मुद्दा बनाकर सत्तारूढ़ भाजपा को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश में जुटी रही। उस पर अंकिता हत्याकांड और इसके मुख्य आरोपित के हरिद्वार व भाजपा से जुड़े होने से भी पार्टी को असहज होना पड़ा।

इस सबके बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा ने पंचायत चुनाव में अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री धामी ने पिछले कुछ हफ्तों में हरिद्वार जिले के कई दौरे किए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक भी पूरी तरह सक्रिय रहे।

शुक्रवार देर रात तक यद्यपि जिला पंचायत सस्य पदों के सभी परिणाम घोषित नहीं हो पाए थे, लेकिन भाजपा अकेले अपने बूते 14 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही। शुक्रवार शाम को भाजपा ने अपने इस कुनबे को बढ़ाकर सदस्यों की संख्या 20 कर ली। दरअसल, शुक्रवार शाम को यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हरिद्वार जिला पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्य व बसपा नेता अंशुल चौधरी, निर्दलीय नावेद आलम, सविता सैनी, वीर सिंह, भूरा व मुस्तकीम ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। बसपा के प्रदेश सचिव अशोक चौधरी सहित कई अन्य लोग भी पार्टी में शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी समेत अन्य प्रांतीय नेताओं ने जिला पंचायत सदस्यों समेत अन्य का पार्टी में स्वागत किया।

23 के गणित से आगे निकली भाजपा

44 सदस्यीय हरिद्वार जिला पंचायत में अपना बोर्ड बनाने के लिए भाजपा को 23 सदस्यों की आवश्यकता है। वर्तमान में उसके सदस्यों की संख्या 20 हो गई है। शनिवार को छह अन्य सदस्यों के भाजपा में शामिल होने पर जिला पंचायत में भाजपा की सदस्य संख्या 26 हो जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *