Nirbhik Nazar

अंकिता मर्डर केस: आरोपितों ने कबूला जुर्म, कुछ सवालों के जवाब मिले, कुछ के मिलना बाकी, अब सफेदपोशों का नकाब उठाएगी खाकी !

देहरादून : अंकिता पिता का हाथ बंटाने को करियर बनाने का सपना लिए घर से बाहर निकली थी। जिसे विगत 18 सितंबर को मौत के घाट उतार दिया गया था। पूरे प्रदेश को इस घटना ने झकझोर दिया था। मामले में रिसॉर्ट मालिक पुलकित और उसके दो अन्‍य साथियों अंकित और सौरभ को गिरफ्तार कर लिया था।

सफेदपोश तक के साजिश में शामिल होने का संदेह

तीनों आरोपितों को एसआइटी ने तीन के रिमांड पर लिया था। आरोपितों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। सरकारी कर्मचारी से लेकर सफेदपोश तक के साजिश में शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है। इस हत्‍याकांड को दो हफ्ते से ज्‍यादा का समय बीत गया है, लेकिन अभी भी कुछ सवाल हैं जो रहस्‍य बन चुके हैं। हर किसी को इन सवालों के जवाबों का इंतजार है।

ये सवाल जो बने रहस्‍य

  • हत्याकांड का खुलासा होते ही अंकिता के कमरे को रातोंरात बुलडोजर से तुड़वा दिया गया। यह किसके इशारे पर हुआ, इस बात का अभी तक पता नहीं चला है।
  • रिसार्ट में बुलडोजर से तोड़फोड़ और आगजनी सिर्फ अंकिता के कमरे में ही क्‍यों की गई। एलसीडी समेत तमाम सामान तोड़ दिया गया। सीसीटीवी कैमरे के तार तक काट दिए गए थे।
  • अंकिता की हत्या की पटकथा वनन्तरा रिसार्ट में लिखी गई। ऐसे में घटना के सामने आने के बाद भी क्राइम सीन पर रिसार्ट में लोगों की आवाजाही बेरोकटोक जारी रही।
  • रिसार्ट में 18 सितंबर के दिन कौन वीआइपी मेहमान आए थे यह अभी तक नहीं पता चल पाया है। इन्‍हें अंकिता को ‘स्पेशल सर्विस’ देने के लिए कहा गया था।
  • इस रिसार्ट में कौन आता है और कौन जाता है, यह दर्ज नहीं होता था। इसकी वजह क्या थी, यह किसी को नहीं मालूम।

पर्याप्त सबूत जुटा लिए, चार्जशीट जल्द – एसआईटी प्रमुख डीआईजी पी रेणुका

अंकिता हत्याकांड की तफ्तीश के लिए गठित एसआईटी प्रमुख डीआईजी पी रेणुका ने कहा है कि, हत्या से पहले रिजॉर्ट में आरोपियों के साथ अंकिता का विवाद हुआ था। हालांकि, रिजॉर्ट में अंकिता के साथ ज्यादा मारपीट नहीं हुई। उन्होंने कहा कि, रिजॉर्ट से लेकर वारदात के स्थल तक का पूरा घटनाक्रम एसआईटी ने जुटा लिया है। इस मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। रविवार को लक्ष्मणझूला में मीडिया से डीआईजी ने कहा कि, अब तक की जांच में पता चला है कि रिजॉर्ट में अलग से ऐसे कमरे थे, जिन्हें प्रेसिडेंसियल रूम कहा जाता था। सारा स्टाफ इन कमरों को वीआईपी रूम के नाम से जानता था। डीआईजी पी. रेणुका देवी ने बताया कि, रिजॉर्ट में घटना जरूर हुई। यह उसी रात का हिस्सा है, जिस रात को कत्ल हुआ। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि, रिजॉर्ट में क्या घटना हुई थी। उन्होंने कहा कि, एसआईटी ने घटनास्थल तक के सारे सबूत जुटा लिए हैं। उन्होंने बताया कि, आरोपियों को साथ ले जाकर वारदात का सीन रिक्रिएट कर लिया गया है। इलेक्ट्रानिक सबूतों से भी इसकी पुष्टि हो गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *