Nirbhik Nazar

भूत आने की बात कहकर, बाप ने कर दिया 14 साल की बेटी का कत्ल, सात दिन रखा भूखा…पढ़ें पूरी खबर

सोमनाथ: गुजरात में अंधविश्वास के चलते बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। पिता और ताऊ को शक था कि लड़की को भूत लगे हैं। ऐसे में लड़की को गन्ने के खेत में बांधकर पीटा। उसे भूखा रखा। इससे उसकी मौत हो गई। उन्हें तंत्र-मंत्र में भरोसा था। उनका मानना था कि तांत्रिक अनुष्ठान और मारपीट से भूत भाग जाएगा। घटना के बारे में लड़की की मां और नाना को पता चला तो उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई, तब यह मामला सामने आया। घटना गिर सोमनाथ जिले में तालाला के धावा गांव की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक धैर्या की उम्र 14 साल थी। वह 9वीं क्लास में पढ़ती थी। वह करीब एक साल से अपने ताऊ दिलीप अकबरी के घर पर धावा गांव में रह रही थी। ताऊ तंत्र में भरोसा करता है। उसने ही 1 अक्टूबर को सूरत में रहने वाले अपने भाई यानी धैर्या के पिता भावेश को फोन लगाकर बताया कि तुम्हारी बेटी को भूत लगे हैं। पिता सूरत से धावा पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने आपसी सलाह से उसका भूत भगाने के लिए तंत्र का रास्ता चुना।

शरीर में भूत घुसने का शक

1 अक्टूबर को दिलीप और भावेश धैर्या को लेकर गांव के गन्ने के खेत में गए और उसे वहां बांध दिया। दो दिन बाद फिर दोनों भाई खेत में पहुंचे और धैर्या के साथ मारपीट की। इस पर धैर्या बेसुध हो गई। दोनों भाई उसे उसी हालत में छोड़कर घर आ गए। दो दिन बाद यानी 5 अक्टूबर को खेत में जाकर देखा तो बेटी उसी हालत में पड़ी थी। तब भी उन्होंने कुछ नहीं किया।

शव से बदबू आई

7 अक्टूबर की सुबह 11 बजे दोनों खेत में पहुंचे तो बेटी के शरीर से बदबू आ रही थी और कीड़े हो गए थे। तब उन्हें लगा कि बेटी की मौत हो गई है। दोनों ने उसी रात बेटी का शव वहीं खेत में जला दिया। अगले दिन सूरत में रह रही बच्ची की मां को बेटी की मौत की सूचना दी।

मां ने यह खबर अपने पिता वालजी भाई डोबरिया को बताई। तब दोनों गांव पहुंचे और भावेश से पूछा कि अंतिम संस्कार के लिए हमारा इंतजार क्यों नहीं किया गया। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ के बाद खेत से कुछ सामान और बेटी का जला शव बरामद किया गया है। जांच में पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं।

एसपी मनोहर सिंह जडेजा के मुताबिक, शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है कि मामले में कोई तांत्रिक शामिल हुआ है या नहीं। फिलहाल, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर बच्ची के पिता ने किसके कहने पर मासूम को प्रताड़ित किया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *