Nirbhik Nazar

जांच मे निकली 3 संतान, शपथ पत्र मे महिला पार्षद ने बताई थी 2, शासन ने किया अयोग्य करार, अब होगा उपचुनाव !

हरिद्वार : नगर निगम रुड़की के वार्ड चार खंजरपुर की महिला पार्षद की तीन संतान को लेकर चल रही जांच पूरी हो गई है। महिला पार्षद को शासन ने अयोग्य करार दिया है। इसके बाद शहरी विकास विभाग के अपर सचिव ने नगर निगम के वार्ड नंबर-4 खंजरपुर को रिक्त घोषित कर दिया है। अब इस वार्ड में उप चुनाव होगा। नगर निगम रुड़की के वार्ड नंबर चार खंजरपुर से पार्षद पूनम देवी को अयोग्य बताते हुए खंजरपुर निवासी एक महिला ने 13 मई 2022 को लिखित शिकायत की थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि पार्षद पूनम देवी ने शपथ पत्र में दो संतान बताई है, जबकि उनकी तीन जीवित संतान हैं। इसलिए तीन संतान वाला पार्षद पद के लिए अयोग्य है।

शासन ने दिए थे जांच के निर्देश

शासन ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार को मामले की जांच के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी रुड़की से मामले की जांच कराई थी, जिसमें पार्षद पूनम देवी की तीन संतान पाई गई। पहली संतान कीर्ति, दूसरी संतान यश और तीसरी संतान आराध्य है।

पार्षद पूनम देवी का तर्क नहीं हुआ मान्य

आराध्य की जन्मतिथि एक जनवरी 2017 है। हालांकि इस संबंध में जब पार्षद पूनम देवी को नोटिस दिया गया तो उन्होंने तर्क दिया था कि उन्होंने अपनी पुत्री आराध्य को 12 अक्टूबर 2018 को अनिल कुमार निवासी गीतांजलि विहार को गोद दे दिया है। लेकिन, नियम के तहत पार्षद पूनम देवी का यह तर्क मान्य नहीं हुआ। नियम के लागू होने के 300 दिवस के बाद यदि किसी की तीसरी संतान होती है, तो वह पद के लिए अयोग्य है। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त एसपी गुप्ता ने बताया कि शासन स्तर पर हुई जांच में पार्षद पूनम देवी पद के लिए अयोग्य पाई गई। शहरी विकास विभाग के अपर सचिव नवनीत पांडे ने नगर निगम के वार्ड चार को रिक्त घोषित कर दिया है।

दो वार्ड में होगा उप चुनाव

नगर निगम रुड़की के 40 वार्ड में दो वार्ड अब रिक्त हैं। सलेमपुर वार्ड के पार्षद धीराज सैनी की मृत्यु हो जाने के चलते यह वार्ड रिक्त है। वहीं वार्ड नंबर 4 खंजरपुर में पार्षद पूनम देवी की तीन संतान होने के कारण उन्हें अयोग्य करार दिया गया है। शासन ने इस वार्ड को रिक्त घोषित कर दिया है। अब दोनों वार्ड में उप चुनाव होगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *