Nirbhik Nazar

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव संपन्न, 96% मतदान, 9500 लोगों ने डाला वोट, 19 को आएंगे नतीजे…

नई दिल्ली : नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान संपन्न हो गया. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय के साथ-साथ 65 जगहों पर मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां डेलिगेट्स ने मतदान किया. अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आमने-सामने हैं. कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने प्रेस वार्ता कर मतदान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए हुए वोटिंग में आज 9,500 प्रतिनिधियों ने मतदान किया. कुल मिलाकर, 96% मतदान राज्यों में हुआ. इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. 3 मतपेटियां प्राप्त हुई हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि 87 लोगों ने एआईसीसी हेडक्वार्टर में मतदान किया.

मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह समेत 87 डेलीगेट ने मतदान किया. पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने वोट डाला. मतदान के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि वह लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थीं. सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने यहां कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर मतदान किया.

बेल्लारी में राहुल गांधी ने किया मतदान

राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से संबंधित कंटेनर वाले विश्राम शिविर में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। उनके साथ वहां उन लगभग 40 नेताओं ने भी मतदान किया, जो उनके साथ इस यात्रा में ‘भारत यात्री’ हैं. मतदान से पहले सोनिया गांधी ने यहां संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा, ‘मैं इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रही थी.’ पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने सबसे पहले मतदान किया. उनके बाद पार्टी महासचिव जयराम रमेश, अजय माकन, मुकुल वासनिक, वरिष्ठ नेता अम्बिका सोनी, विवेक तन्खा और कई अन्य लोगों ने मतदान किया.

हमारे यहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से चुनाव हुआ है- मधुसूदन मिस्त्री

मतदान के बीच पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी रही है तथा वह इससे संतुष्ट हैं. कांग्रेस मुख्यालय में मतदान के बाद जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘यह ऐतिहासिक मौका है. हमारे यहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से चुनाव हुआ है.’ उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस एकमात्र राजनीतिक दल है, जहां अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होता है. हमारे यहां टी एन शेषन की तरह केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री हैं. किसी दूसरी पार्टी में चुनाव नहीं होता.’ मतदान वाले दिन कांग्रेस अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवारों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं.

शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं

थरूर ने ट्वीट किया, ‘मल्लिकार्जुन खरगे से आज सुबह बात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके प्रति सम्मान और कांग्रेस की सफलता के प्रति दोनों के साझा समर्पण को व्यक्त किया.’ खरगे ने ट्वीट कर कहा, ‘शशि थरूर जी को मेरी शुभकामनाएं. आज उनसे बात की. हम दोनों कांग्रेस की मजबूती के लिए लड़ रहे हैं, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए पहले से मजबूत और बेहतर राष्ट्र का निर्माण किया जा सके.’ कांग्रेस के नौ हजार से अधिक डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्य) सोमवार को पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान करने के पात्र थे. कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान बूथों पर मतदान हुआ.

137 साल में छठी बार हुआ चुनाव

कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है. चुनाव के परिणाम की घोषणा 19 अक्टूबर को की जाएगी. थरूर ने निर्वाचकों से ‘‘बदलाव अपनाने’’ का साहस दिखाने का आह्वान करते हुए रविवार को कहा था कि वह जिन बदलावों के बारे में सोच रहे हैं, उनमें पार्टी के ‘‘मूल्यों’’ में कोई बदलाव नहीं होगा और केवल लक्ष्य पाने के तरीकों में परिवर्तन आएगा.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *