देहरादून: उत्तराखंड शासन में अपर मुख्य सचिव गृह के पद पर तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी ने सोमवार को जोश-जोश में यूपी पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सनसनीखेज बयान दे दिया था. हालांकि जैसे ही उनके इस बयान पर सवाल खड़े किए तो उन्होंने इस मामले में यू-टर्न लेते हुए सफाई दी. अब आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी ने कहा कि यूपी और उत्तराखंड सहित सभी राज्यों की पुलिस अच्छा काम कर रही है. उन्हें उम्मीद है कि निर्दोष को किसी भी मामले में नहीं फंसाया जाएगा और पुलिस केवल दोषियों पर कार्रवाई करेगी.

पहले का विवादित बयान
दरअसल, अपर मुख्य सचिव गृह राधा रतूड़ी ने सोमवार को उत्तराखंड सचिवालय देहरादून में प्रेस वार्ता की थी. इस दौरान उसने उधमसिंह नगर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में यूपी पुलिस की कार्रवाई और उसमें ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख की पत्नी की गोली लगने से हुई मौत के बारे में सवाल किया गया था. इस पर अपर मुख्य सचिव गृह राधा रतूड़ी ने कहा था कि यूपी पुलिस निर्दोष लोगों को पकड़कर केस सॉल्व करती है. अगर पुलिस निर्दोष को सजा देगी तो 99 नए अपराधी तैयार होंगे.
सफाई
अपर मुख्य सचिव गृह राधा रतूड़ी के इस बयान के बाद यूपी और उत्तराखंड पुलिस को बीच कुंडा को लेकर शुरू हुआ विवाद कम होने के बजाय बढ़ गया. हालांकि अपने इस बयान के कुछ ही घंटों बाद अपर मुख्य सचिव गृह राधा रतूड़ी ने यूटर्न लिया और नया बयान जारी करते हुए कहा कि दोनों प्रदेशों की पुलिस अच्छा काम कर रही है. वो सिर्फ ये कहना चाहती है कि किसी भी निर्दोष को सजा न हो.