उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में फीस नहीं जमा होने पर 12 छात्रों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया। इस दौरान बच्चे काफी देर तक स्कूल के गेट पर खड़े रोते रहे। लेकिन स्कूल प्रबंधन का मन नहीं पसीजा। बताया जा रहा है कि एक महीने की फीस नहीं जमा होने पर स्कूल प्रशासन की ओर से यह निर्णय लिया गया। मानवता की सारी हदें तो तब पार हो गई जब बच्चे रो-रोकर बच्चे परीक्षा देने के लिए छटपटाते रहे और स्कूल गेट के बाहर खड़े रहे। बच्चेबार-बार बोल रहे थे कि फीस जमाकर दी जाएगी। लेकिन प्रबंधन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
इस बेटी के आंसू उन लाखों बच्चों की संयुक्त पीड़ा बता रहे हैं जिन्हें फीस न जमा होने के कारण उपहास झेलना पड़ता है।
आर्थिक तंगी बच्चों की शिक्षा में रोड़ा ना बने यह हर जिले के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की नैतिक जिम्मेदारी है।
निजी संस्थान मानवता न भूलें, शिक्षा व्यापार नहीं है। pic.twitter.com/GZL9RwSICB
— Varun Gandhi (@varungandhi80) October 18, 2022
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
स्कूल गेट के बाहर रोते हुए बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यूपी के उन्नाव जिले के बांगरमऊ इलाके का वीडियो बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने अफने ट्विटर पर शेयर किया है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय प्रबंध तंत्र के विरुद्ध जिला प्रशासन से शिकायत की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच कराई जा रही है। विद्यालय मैनेजर शिवकुमार कटियार का कहना है कि बच्चों की फीस नही जमा थी, इसलिए बाहर खड़ा किया गया था। थोड़ी देर बाद उन्हें वापस क्लास में बिठा दिया गया था ।

फीस नहीं जमा होने पर बच्चों को नहीं देने दिया गया एग्जाम
बच्चों को परीक्षा में नहीं बिठाए जाने के बाद नाराज अभिभावक एसडीएम के पास शिकायत लेकर पहुंचे। जहां पर उनकी एसडीएम से मुलाकात नहीं हो पाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा टोला में संचालित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 12 छात्रों के अबिभावकों ने सितंबर माह की फीस नहीं जमा की थी। इसी दौरान स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। जब छात्र-छात्राएं सेकूल में परीक्षा देने पहुंचे तो जिनकी फीस नहीं जमा थी, उन्हें स्कूल के अंदर प्रवेश नहीं लेने दिया गया।