Nirbhik Nazar

कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद खड़गे की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, सुनिए क्या-क्या कहा- VIDEO

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित होने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल के इतिहास में कांग्रेस ने लगातार इस देश के लोकतंत्र को मजबूत किया है। आज जब लोकतंत्र खतरे में है और सरकार की तरफ से एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। तब कांग्रेस ने अध्यक्ष पद का चुनाव कराकर लोकतंत्र को मजबूत करने का उदाहरण दिया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव के सफल आयोजन को लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और मधुसूदन मिस्त्री का धन्यवाद दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने शशि थरूर को भी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हम लोग चुनाव में एक प्रतिनिधि के तौर पर खड़े थे। ऐसे में हम दोनों ने चुनाव के बाद मुलाकात की और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने सोनिया गांधी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 23 वर्षों तक सोनिया गांधी ने खून-पसीने से पार्टी को मजबूत किया है। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र और राज्य में सरकार बनाई। उनके कार्य को कांग्रेस के इतिहास में लंबे वक्त तक याद किया जाएगा।

खड़गे ने कहा कि आज देश में महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में अमीरी और गरीबी की खाईं बढ़ती जा रही है। इसको लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा करने का फैसला लिया है। आज पूरा देश उनके संघर्ष से जु़ड़ रहा है। मैं कांग्रेसजनों और देश के लोगों से अपील करता हूं कि आप सब राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधे मिलाकर चले। खड़गे ने कहा कि हम सभी को कार्यकर्ता के तौर पर काम करना है। हम सब एक साथ मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा हम लोकतंत्र को बचाने के लिए भी एक साथ लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठी सरकार वायदे बहुत करती है, लेकिन काम नहीं करती है। उन्होंने कहा कि देश को तानाशाही रवैए से नहीं चलाया जा सकता है। ऐसे में हम सभी को इन ताकतों के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा।

खड़गे ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की राय ली जाएगी। इसके अलावा उन्होंने अध्यक्ष बनाए जाने के लिए कांग्रेस के प्रतिनिधियों का भी धन्यवाद दिया और कहा कि मैं आपकी उम्मीदों पर खड़ा उतरूंगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *