Nirbhik Nazar

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कपाट बंद होने की तैयारियां शुरू, फूलों से सजाया गया मंदिर

उत्तरकाशीः विश्व प्रसिद्ध चार धाम में शुमार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट के पर्व पर 26 अक्टूबर को दोपहर 12.01 बजे बंद होंगे. जबकि, यमुनोत्री धाम के कपाट 27 अक्टूबर को भैया दूज पर दोपहर 12.09 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे. कपाट बंद होने से पहले मंदिर को फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है. जिससे मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही है.

26 अक्टूबर को बंद होंगे गंगोत्री धाम के कपाट

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि के नजदीक आते ही व्यापारी और अन्य व्यवसायी लौटने की तैयारी करने लगे हैं. कुछ व्यापारी आ भी गए हैं. गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट के अवसर पर बंद होते हैं. इस बार 26 अक्टूबर को सुबह 10.15 बजे मां गंगा के मुकुट को उतारा जाएगा और इसके बाद निर्वाण दर्शन होंगे. वेद मंत्रों के साथ मां की मूर्ति का महाभिषेक होता है.

मुखबा में होंगे मां गंगा के दर्शन

उसके बाद विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ दोपहर 12.09 बजे अमृत बेला पर कपाट बंद किए जाएंगे. जिसके बाद डोली मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी. डोली चंडेश्वरी देवी मंदिर (मार्कंडेय मंदिर) में रात्रि प्रवास करेगी. अगले दिन 27 अक्टूबर को गंगा की डोली मुखबा पहुंचेगी. कपाट बंद होने के बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखबा) में कर सकेंगे.

27 अक्टूबर को बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

उधर, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राज स्वरूप उनियाल ने बताया कि 27 अक्टूबर को भैया दूज पर दोपहर 12.09 बजे यमुनोत्री के कपाट (Yamunotri Dham Kapat) बंद किए जाएंगे. 27 अक्टूबर की सुबह यमुना की डोली लेने के लिए खरशाली गांव से शनि महाराज की डोली यमुनोत्री पहुंचेगी. जिसके बाद शनि महाराज के नेतृत्व में मां यमुना की डोली खरसाली पहुंचेगी. कपाट बंद होने तक खरसाली में स्थित यमुना मंदिर में मां यमुना के दर्शन श्रद्धालु कर सकेंगे.

27 अक्टूबर को केदारनाथ धाम के कपाट भी होंगे बंद

बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट (Kedarnath Doors Closed Date) भी शीतकाल के लिए विधि विधान के साथ 27 अक्टूबर को बंद होंगे. बीती 22 अक्टूबर को बाबा केदार के क्षेत्र रक्षक भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान से बंद कर दिए गए हैं. इसी के तहत केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. जबकि, बदरीनाथ धाम के कपाट (Badrinath Temple Kapat) आगामी 19 नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *