Nirbhik Nazar

अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य की फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, जांच में जुटी पुलिस

ऋषिकेश: अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य की गंगा भोगपुर स्थित आंवला कैंडी की फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई है. सूचना पाकर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है. बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड का आरोपी पुलकित आर्य, पूर्व राज्यमंत्री और बीजेपी नेता विनोद आर्य का बेटा है. जो गंगा भोगपुर में रिजॉर्ट चलाता था. जहां अंकिता भंडारी भी बतौर रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करती थी. इसके अलावा पुलकित का गंगा भोगपुर में ही आंवला कैंडी की फैक्ट्री भी है. जहां आज संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगी है.

क्या था अंकिता भंडारी मर्डर केस

गौर हो कि पौड़ी जिले के नांदलस्यू पट्टी के श्रीकोट की रहने वाली अंकिता भंडारी (19) ऋषिकेश के बैराज चीला मार्ग पर गंगा भोगपुर में स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करती थी. अंकिता इस रिजॉर्ट में 28 अगस्त से नौकरी कर रही थी. वो बीती 18 सितंबर को रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी. जिसके बाद रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने राजस्व पुलिस चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई. 22 सितंबर तक अंकिता का कुछ पता नहीं चला. इसके बाद मामला लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया.

वहीं, जब पुलिस ने जांच की तो वनंत्रा रिजॉर्ट के संचालक और उसके मैनेजरों की भूमिका सामने आई. रिजॉर्ट के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि 18 सितंबर को शाम करीब आठ बजे अंकिता रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर अंकित और भास्कर के साथ रिजॉर्ट से निकली थी, लेकिन जब वो वापस लौटे तो उनके साथ अंकिता नहीं थी. इस आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत लिया और पूछताछ की.

आरोपियों ने पुलिस के सामने सारा सच उगल दिया. आरोपियों ने अंकिता भंडारी को नहर में धकेल दिया था. जिससे उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो मैनेजरों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *