Nirbhik Nazar

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के आरोपों पर किया पलटवार, कहा- भाजपा एकजुट और पूर्व सीएम के साथ खड़ी

देहरादून: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह से एकजुट और पूर्व मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत पार्टी के सम्मानित और वरिष्ठ नेता हैं। लिहाजा कांग्रेस को किसी मामले में अन्यथा नहीं लेना चाहिए। महेंद्र भट्ट ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट से कोई एसएलपी वापस नहीं ली गई है। हालांकि यह मामला मुख्यमंत्री और सरकार से संबंधित होने के कारण इस पर अधिकृत जानकारी सरकार ही दे सकती है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी जानकारी के पुख्ता होने से पहले कांग्रेस तिल का ताड़ बनाने और दुष्प्रचार से बाज आए।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन से आज मिल सकते हैं त्रिवेंद्र

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार या रविवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से मुलाकात कर सकते हैं। देहरादून स्मार्ट सिटी के कार्यों को लेकर नाखुशी जताने से असहज हुए भाजपा नेतृत्व ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र को दिल्ली तलब किया था। बीते दिवस उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट कर अपना पक्ष रखा था। सूत्रों के अनुसार त्रिवेंद्र ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के कुछ नेताओं से भेंट की।

विभिन्न विषयों पर रखी अपनी राय

भाजपा नेतृत्व को हाल में तब असहज होना पड़ा, जब उसके दो पूर्व मुख्यमंत्रियों त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत ने विभिन्न विषयों पर अपनी राय रखी। इससे विपक्ष को भी बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया था। इस पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोनों मुख्यमंत्रियों से बात करने के साथ ही दोनों को दिल्ली भी तलब किया।

अभी दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं त्रिवेंद्र

इसे देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र गत दिवस दिल्ली रवाना हो गए थे। गुरुवार को उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से भेंटकर अपने मंतव्य को स्पष्ट किया। उन्होंने राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से भी मुलाकात का समय मांगा है। शुक्रवार को उनकी संतोष से मुलाकात नहीं हो पाई थी। त्रिवेंद्र अभी दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं। वह शनिवार अथवा रविवार को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन के समक्ष अपना पक्ष रखने के साथ ही पार्टी के अन्य नेताओं से भी मिल सकते हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *