Nirbhik Nazar

बरेली में हैरान करने वाली चोरी, पहले शादी समारोह में खूब थिरकीं 2 लड़कियां, फिर ले उड़ीं नकदी-जेवरात, पूरी घटना CCTV मे क़ैद, देखें…

बरेली:  इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। बराती और घराती दोनों बैंड-बाजा संग खुशी में डूबे होते हैं। ऐसे ही माहौल की तलाश में लड़कियों की बदमाश कंपनी रहती है। बदमाश कंपनी की लड़कियां सज-धजकर पहले शादी समारोह में मिल जाती हैं।

बरेली में सक्रिय लड़कियों की बदमाश कंपनी

डीजे पर थिरकती हैं और फिर मौका देखकर नकदी और जेवरात समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर देती हैं। ऐसी ही दो लड़कियां बरेली के एक शादी समारोह में सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करके दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रयागराज से आई थी बरात

बरेली के शास्त्रीनगर के रहने वाले प्रमोद कुमार गंगवार बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हैं। रविवार को उनकी बेटी अर्चना की शादी थी। विवाह समारोह का आयोजन बीसलपुर चौराहा स्थित किंग्स हैरिटेज होटल में था। प्रयागराज से बरात आई। सभी विवाह समारोह के उल्लास में रमे थे।

VIDEO साभार अमर उजाला

जयमाल की रस्म के समय पार किया बैग

रात करीब पौने 11 बजे जयमाला की रश्म शुरू हुई। प्रमोद ने रुपयों व जेवर से भरा बैग पत्नी ओम कुमारी को थमा दिया। ओम कुमारी समधन संग बैठी थींं। इसी बीच एक लड़की उनके पास आकर बैठ गई और पलक झपकते ही बैग ले उड़ी। थोड़ी देर बाद जब ओम कुमारी की नजर बैग की तरफ पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखीं दो संदिग्ध लड़कियां

बैग गायब होने की सूचना से विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तब दोनों लड़कियों की करतूत उजागर हुई। प्रमोद के मुताबिक, बैग में करीब पांच लाख रुपये, चार लाख रुपये के सोने के कंगन, अंगूठी व अन्य जेवरात थे।

एक डीजे पर थिरकी, दूसरे ने गेट पर की रेकी

प्रमोद कुमार गंगवार के मुताबिक, दोनों लड़कियाें की एंट्री शाम करीब छह बजे होती है। पूरे आयोजन के बीच वह घूमती-फिरती हैं। नाश्ता-पानी करती हैं। इसी बीच एक गेट किनारे रखी कुर्सी पर बैठी जाती है। दूसरी स्टेज के पास सक्रिय रहती है। जयमाला से पूर्व वह डीजे पर जमकर थिरकती है। जैसे ही जयमाला शुरू हुआ। वह पत्नी के पास जाकर बैठ गई और बैग उठा लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि लड़की बैग उठाकर गेट पर बैठी युवती के पास जाती है। उसके आते ही गेट पर बैठी लड़की पहले निकलती है फिर पीछे से वह बैग लेकर निकल जाती है।

पैदल भागते दिखीं, गिरोह होने की भी आशंका

पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां होटल के मुख्य गेट पर बाहर की ओर से लगे कैमरे में भी कैद हैं। दोनों पैदल भागते हुए दिख रही हैं। इसलिए, होटल के बाहर गिरोह के अन्य लोगों के होने की आशंका बढ़ गई है। भागने के लिए लड़कियां तुरंत कोई सवारी पकड़ती लेकिन, दोनों ने ऐसा नहीं किया। वह पैदल ही विश्वविद्यालय रोड की ओर भागते दिखींं। साफ है कि तय ठिकाने पर पहुंचने के बाद वह साथियों संग भाग निकलीं।

बरात आने से पहले ही पहुंची

प्रमोद ने होटल स्टाफ से लड़कियों के बारे में पूछा, तब पता चला कि दोनों बरात आने से पहले ही आ चुकी थीं। इसी के बाद वर व वधू पक्ष के लोगों को फोटो दिखाई जाने लगी। हर किसी ने दोनों को पहचानने से इनकार कर दिया। होटल स्टाफ ने भी दोनों के बारे में कोई जानकारी न होने की बात कही। इसी के बाद साफ हो गया कि लड़कियां पूरी तैयारी से आईं थीं।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी लिख ली गई है। सीसीटीवी में दो संदिग्ध लड़कियां दिख रही हैं। उन्हीं दोनों पर घटना को अंजाम देने का आरोप है। सीसीटीवे फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *