Nirbhik Nazar

AE-JE पेपर लीक मामला: सीएम के निर्देश पर 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जानिए किसने कराया था पेपर लीक

देहरादून/हरिद्वार: उत्तराखंड में पेपर लीक मामला सुर्खियों में बना हुआ है, जिसको लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमले कर रहा है. वहीं सरकार ने जून 2022 में हुई एई, जेई परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर एसआईटी हरिद्वार की जांच के बाद एई, जेई परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में कनखल थाने में 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. कनखल थाना पुलिस की जांच में पेपर लीक से जुड़े ये 9 नाम सामने आए हैं. इसके साथ ही ये जानकारी भी सामने आई है कि लोक सेवा आयोग के कर्मी संजीव चतुर्वेदी ने ही ये पेपर भी लीक कराया था. चतुर्वेदी पटवारी-लेखपाल पेपर लीक मामले में भी मुख्य आरोपी है. इस खुलासे के बाद लोक सेवा आयोग की साख पर फिर बट्टा लगा है.

सीएम धामी को पेपर लीक की मिली थी शिकायत

मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाल ही में कुछ परीक्षाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिली थीं. प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि हुई. उन्होंने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भी विभिन्न भर्तियों में गड़बडी करने वालों को जेल भेजा गया है. साथ ही सीएम धामी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती परीक्षाएं हो सकें. सीएम ने कहा कि भर्ती कैलेंडर जारी कर उसके अनुरूप परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं. जल्द ही देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लाया जा रहा है. प्रदेश के युवाओं के साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा.

एसटीएफ कर रही हाईकोर्ट जाने की तैयारी

उधर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में पेपर लीक मामले को लेकर अभियुक्तों लगातार जमानत मिल रही है. इसे देखते हुए जमानत के खिलाफ अब एसटीएफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रही है. बता दें कि हाल ही में पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी हाकम सिंह समेत कई दूसरे अभियुक्तों को भी जमानत मिल गई थी.

नैनीताल हाईकोर्ट में मजबूती से अपना पक्ष रखेगी एसटीएफ

इसके बाद एसटीएफ ने हाईकोर्ट में अपील करने का फैसला लिया है. उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले से जुड़े मामलों में आरोपियों की जमानत रद्द करने के लिए एसटीएफ उच्च न्यायालय नैनीताल में अपील करेगी.

पेपर लीक के आरोपियों पर सख्ती के मूड में है एसटीएफ

यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले के अभियुक्तों के खिलाफ एसटीएफ सख्ती के मूड में दिख रही है. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद एसटीएफ ने जमानत पाने वाले अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है. जल्द ही एसटीएफ नैनीताल हाईकोर्ट में अपील करने जा रही है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर UKSSSC परीक्षा घोटाले में जमानत पर बाहर आये आरोपियों की जमानत रद्द कराने के लिए भी एसटीएफ अब नैनीताल हाईकोर्ट में अपील करेगी.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *