Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा की तैयारियां ज़ोरों पर, कल सीएम धामी करेंगे सभी विभागों की कार्य योजनाओं की समीक्षा

देहरादून: शुक्रवार 17 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर सभी विभागों की कार्य योजनाओं की समीक्षा करेंगे. सीएम चारधाम यात्रा को लेकर अंतिम चरण की तैयारियों का जायजा लेंगे. उत्तराखंड में इस बार चारधाम यात्रा विगत वर्षों की तुलना में जल्दी शुरू हो रही है. लिहाजा चारधाम यात्रा से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स सरकारी विभाग और एजेंसियों ने अपना काम शुरू कर दिया है.

चारधाम यात्रा 2023 की तैयारियों की समीक्षा बैठक

बीते सीजन में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे. लिहाजा उत्तराखंड सरकार और चारधाम यात्रा से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर इस बार चारधाम यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हैं. यही वजह है कि बदरी केदार मंदिर समिति ने भी अपनी आखिरी चरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं. बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने जानकारी दी कि चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पहले ही सभी संबंध विभागों और एजेंसियों को दिशा निर्देश दिए गए थे. अंतिम चरण की तैयारियों और व्यापक कार्ययोजना की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 17 फरवरी को समीक्षा करेंगे.

2022 की केदारनाथ यात्रा में कई घोड़े खच्चरों की मौत हुई थी

बीते यात्रा सीजन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शासन प्रशासन को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. यात्रा में लगे घोड़े खच्चरों की अनियंत्रित मौतें और हाई एल्टीट्यूड पर यात्रियों के स्वास्थ्य बिगड़ने को लेकर शासन प्रशासन द्वारा इस बार बेहद एहतियात बरतने के दिशा निर्देश दिए गए हैं. यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग भी लगातार चारधाम यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है.

22 अप्रैल से शुरू हो रही है चारधाम यात्रा

चारधाम यात्रा 2023 की शुरुआत 22 अप्रैल से हो रही है. 22 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे. ये दोनों धाम उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित हैं. बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खुलेंगे. बदरीनाथ धाम चमोली जिले में स्थित है. केदारनाथ दाम के कपाट खुलने की तारीख महाशिवरात्रि को घोषित होगी. हालांकि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की संभावित तारीख 26 अप्रैल हो सकती है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *