Nirbhik Nazar

उपचुनावों में कांग्रेस का जलवा ! त्रिपुरा, नागालैंड में भाजपा गठबंधन की वापसी, मेघालय में हंग असेंबली…

नई दिल्ली: पूर्वोत्तर के तीनों चुनावी राज्यों में कांग्रेस को चाहे बुरी हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उपचुनावों के नतीजों ने एक बार फिर पार्टी में जान फूंकने का काम किया है। पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में कांग्रेस को बड़ी हार मिली है। तीनों राज्यों में कांग्रेस इस बार सिंगल डिजिट सीटों पर सिमट गई है। हालांकि, महाराष्ट्र, बंगाल और तमिलनाडु के उपचुनाव में कांग्रेस ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है।

महाराष्ट्र में 27 साल से BJP का गढ़ छीना

महाराष्ट्र के कस्बा पेठ सीट से कांग्रेस ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। भाजपा इस सीट पर पिछले 27 साल से राज कर रही थी। कस्बा पेठ सीट पर कांग्रेस के रवींद्र धंगेकर ने भाजपा के हेमंत रसाने को हराया है। इस सीट पर भाजपा 1995 के बाद चुनाव हारी है। इस जीत के साथ ही महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी को एक नई संजीवनी मिल गई है।

तमिलनाडु में भी कांग्रेस जीती

तमिलनाडु की इरोड पूर्व सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस एलंगोवन ने चुनाव में AIADMK के केएस थेन्नारास्रु को हराया है। इस सीट पर कांग्रेस और डीएमके गठबंधन ने चुनाव लड़ा था, जिसका फायदा उसे मिलता भी दिखा है।

पश्चिम बंगाल में डेढ़ साल बाद खुला खाता

पश्चिम बंगाल के उपचुनाव में कांग्रेस को सागरदिघी विधानसभा सीट पर जीत मिली है। टीएमसी नेता सुब्रत साहा के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव हुए थे। कांग्रेस के बायरन बिस्वास ने TMC नेता देबाशीष बनर्जी को यहां हराया है और करीब डेढ़ साल बात जीत पाई है।

त्रिपुरा, नागालैंड में भाजपा गठबंधन की वापसी, मेघालय में हंग असेंबली

भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी (आईपीएफटी व एनडीपीपी) त्रिपुरा और नागालैंड की सत्ता में वापसी कर सकती है। वहीं, मेघालय में बीजेपी 3 सीटों पर आगे चल रही है। अगर बीजेपी को पिछली बार की तरह ही सत्ता में भागीदार बनना है तो उसे एनपीपी से हाथ मिलाना पड़ेगा।

त्रिपुरा में बीजेपी गठबंधन की सत्ता तय

चुनाव आयोग द्वारा 2ः30 बजे तक जारी किए गए रुझानों के अनुसार बीजेपी ने त्रिपुरा में अब तक 13 सीटों पर जीत हासिल की है और 20 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं उसकी सहयोगी पार्टी आईपीएफटी ने अब तक 1 सीट पर जीत दर्ज की है।

वहीं दूसरी ओर सीपीआई (एम) ने अब तक 1 सीट पर जीत दर्ज की है और 10 सीटों पर आगे चल रही है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने टाउन बोरडोवली सीट से कांग्रेस के आशीष कुमार साहा को 1 हजार 257 मतों के अंतर से हरा दिया।

नागालैंड में भी दोबारा भाजपा गठबंधन की सरकार

नागालैंड में भी बीजेपी गठबंधन जीत की ओर है। चुनावों आयोग के ताजा रूझानों के अनुसार बीजेपी ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं 6 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं उसकी सहयोगी एनडीपीपी 12 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं 12 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं जेडीयू 1 सीट पर आगे चल रही है, जबकि राकांपा ने 2 सीटों पर दर्ज की है और 5 पर आगे चल रही है।

मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना

मेघालय में सत्तारूढ़ एनपीपी ने 6 सीटों पर जीत हासिल की है और 19 सीटाें पर आगे चल रही है। जबकि भाजपा 3 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं टीएमसी ने अब तक 1 सीट पर जीत दर्ज की है और 4 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस ने अब तक 3 सीटों पर जीत हासिल की है और 2 सीटों पर आगे चल रही है।

(साभार – न्यूज़24)

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *