Nirbhik Nazar

“जंगली पिक्चर्स” ने शूटिंग के दौरान मिले सहयोग के बदले सीएम धामी को किया धन्यवाद

देहरादून: प्रसिद्ध फिल्म निर्माता कंपनी जंगली पिक्चर्स ने अपनी फिल्म ‘बधाई दो’ की शूटिंग और सब्सिडी के लिए उत्तराखंड में मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताया है। जंगली पिक्चर्स ने मुख्यमंत्री को अपने सोशल मीडिया पोस्ट (ट्वीट और इंस्टा) पर टैग करते हुए लिखा है। ‘मुख्यमंत्री धामी और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद का सहयोग और गर्मजोशी से भरे आतिथ्य के लिए हार्दिक धन्यवाद। फिल्म के लिए शूटिंग की अनुमति देने से लेकर सब्सिडी स्वीकृत करने तक उनकी कार्यप्रणाली वास्तव में सराहनीय है। हम एक बार फिर सुरम्य राज्य उत्तराखंड में शूटिंग करने के अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं’।

जंगली पिक्चर्स के इस पोस्ट को अभिनेता राजकुमार राव ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा ‘धन्यवाद सर’। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने फिल्म निर्माता को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में फिल्म निर्माताओं के लिए एक आदर्श वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण को एक उद्योग की भांति बढ़ावा दिया जाएगा। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रोजगार सृजन पर फोकस किया जा रहा है। नई फिल्म नीति में क्षेत्रीय फिल्मों को प्रोत्साहन देने के लिए उनको दी जाने वाली सब्सिडी में उल्लेखनीय वृद्धि प्रस्तावित की गई है।

नए पर्यटन स्थल में शूटिंग को प्रोत्साहन देने की नीति भी तैयार

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि राज्य में अपेक्षाकृत कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर शूटिंग को प्रोत्साहन देने के लिए भी नीति बना ली गई है। राज्य के शूटिंग लोकेशन और फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों तथा तकनीशियनों के लिए डायरेक्ट्री बनाने के लिए सूचना संकलन का कार्य शुरू हो गया है। हाल में ही लागू की गई निजी औद्योगिक क्षेत्र स्थापना नीति-2023 में भी निजी फिल्म सिटी, स्टूडियो एवं अन्य उपक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। कई बड़े फिल्म निर्माता राज्य में फिल्म निर्माण, फिल्म सिटी, फिल्म संस्थान के लिए बातचीत कर रहे हैं।

एक साल में 200 फिल्म शूटिंग को मंजूरी

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष बड़े बैनर की दो हिंदी फिल्मों ‘बधाई दो’ (जंगली प्रोडक्शन) तथा ‘तड़प’ (साजिद नाडियाडवाला प्रोडक्शन) को सब्सिडी दी गई। कुछ अन्य हिन्दी और क्षेत्रीय फिल्मों की सब्सिडी के लिए भी कार्यवाही गतिमान है। पिछले एक वर्ष में लगभग 200 फिल्म शूटिंग की अनुमतियां जारी की गई हैं। अभी राज्य में कई फिल्मों और वेबसीरीज की शूटिंग चल रही हैं या प्रस्तावित हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *