Nirbhik Nazar

PM आवास योजना में बन रहा था गरीब का मकान, नींव खुदते ही खनखनाने लगा खजाने का जखीरा… ढाई सौ से अधिक सिक्के निकले…

जालौन. यूपी के जालौन में मकान निर्माण के लिये की जा रही खुदाई के दौरान जमीन से चांदी के प्राचीन सिक्के मिलने शुरू हो गये. जमीन से सिक्के मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, लोगों का हुजूम उन्हें लूटने के लिए उमड़ पड़ा. जमीन से पुराने सिक्के निकलने और उन्हें लूटे जाने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जमीन से मिलने वाले सिक्कों को जब्त कर पुरातत्व विभाग को सूचना दी गई. मौके पर पुलिस फोर्स को लगा दिया गया है, जिससे उस इलाके की निगरानी की जा सके. यह पुराने सिक्के चांदी के हैं, जो 161 साल पुराने 1862 में ब्रिटिश हुकूमत के दौरान चलते थे. जमीन की खुदाई के दौरान चांदी के प्राचीन सिक्के और जेवरात जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम व्यासपुरा के रहने वाले कमलेश कुशवाहा के मकान से निकले हैं. कमलेश कुशवाहा अपने मकान का निर्माण कराने के लिए मिट्टी की खुदाई करा रहे थे. जब मजदूर शाम के वक्त मिट्टी की खुदाई कर रहे थे, तभी एक मजदूर का फांवडा एक बर्तन से टकराया. आवाज सुनकर उसने मकान मालिक को बुलाया और उसके सामने खुदाई कराई गई तो एक बर्तन मिला. जिसे बाहर निकला गया तो उसमें चांदी के सैकड़ों सिक्के और चांदी के जेवरात दिखाई दिये, जिसे देखकर मकान मालिक के होश उड़ गए. उसने चांदी के सिक्के और जेवरात को छुपाने का प्रयास किया, मगर जेवरात और चांदी के सिक्के मिलने की खबर गांव में जंगल में आग की तरह फैल गई. जिसे देखने के लिए गांव के लोग कमलेश कुशवाहा के घर पहुंच गये.

1862 में प्रचलित थे सिक्के

प्राचीन सिक्के मिलने की सूचना गांव के लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन को दी गई. सूचना मिलते ही उरई तहसील के उपजिलाधिकारी, जालौन कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने खुदाई के दौरान मिलने वाले सिक्कों को जब्त कर लिया. साथ ही इसके बारे में पुरातत्व विभाग को सूचना दे दी. पुलिस की निगरानी में आसपास की खुदाई कराई जा रही है, जिससे पता किया जा सके कि कहीं और सिक्के तो जमीन के अंदर दफन नहीं है. वहीं प्रशासन ने जिन सिक्कों को जब्त किया है, वह सिक्के आज से 161 साल पुराने 1862 में प्रचलित थे. इन सिक्कों पर सन भी लिखा हुआ है. साथ ही सिक्कों के साथ चांदी के जेवरात व चूड़ी मिले हैं.

अभी तक ढाई सौ से अधिक सिक्के मिले

इस मामले में उरई के उप जिलाअधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि उन्हें खुदाई के दौरान सिक्के मिलने की सूचना मिली. वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जिस घर में सिक्के मिले वहां पर मकान निर्माण चल रहा था और यह कमलेश कुशवाहा का मकान है. सुरक्षा की दृष्टि से उस जगह पुलिस तैनात कर दी गई है. साथ ही सिक्कों को जब्त करते हुए कोतवाली पहुंचा दिया गया है. अभी तक ढाई सौ से अधिक चांदी के सिक्के मिले हैं. साथ ही चांदी की चूड़ियां भी मिली है. फॉरेंसिक टीम के साथ पुरातत्व विभाग को भी इस बारे में सूचना दी गई है, जिससे इनकी प्राचीनता के बारे में जानकारी हासिल की जा सके. वही प्राचीन सिक्के लूटे जाने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि इसकी भी जांच की जा रही है. साथ ही पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कितने सिक्के मौके से बरामद हुए थे.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *