Skip to main content

Nirbhik Nazar

जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा जाएगा लैंसडोन का नया नाम, सीएम धामी बोले- केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चौबट्टाखाल में करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। राजकीय डिग्री कॉलेज चौबट्टाखाल के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल बिपिन रावत गढ़वाल ही नहीं अपितु देश का गौरव थे। उनके नाम पर लैंसडौन का नाम रखने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। कहा कि प्रदेश में जल्द ही समान नागरिक संहिता कानून लागू होने जा रहा है। इस मौके पर सीएम ने 9159.04 लाख रुपये की 11 योजनाओं का शिलान्यास एवं 3752.70 लाख रुपये से निर्मित 11 कार्यों का लोकार्पण किया।

क्षेत्र में पहली बार पहुंचने पर सीएम का जोरदार स्वागत किया गया। सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में उत्तराखंड में न भूतो न भविष्यति की तर्ज पर विकास हो रहा है। प्रदेश में अति शीघ्र समान नागरिक संहिता कानून लागू होने वाला है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य उत्तराखंड होगा। प्रदेश की प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए कड़े नकल विरोधी कानून में उम्रकैद और सारी संपत्ति जब्त करने तक का प्रावधान किया गया है। विभिन्न परीक्षाओं में नकल के 92 आरोपी जेल की सलाखों के पीछे हैं। धर्म के नाम पर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण चिन्हित कर उन्हें हटाया जाएगा। इस तरह के मामलों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सरकारी जमीनों पर मजार आदि बनाने पर तंज कसते हुए कहा कि देवभूमि की संस्कृति में मजार जिहाद को हावी नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नकल विरोधी कानून से जिन लोगों की दुकानें बंद हुई हैं। वे बौखला गए हैं। प्रदेश में रेलवे, सड़क, पर्यटन शिक्षा, चिकित्सा आदि के क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने लैंसडौन का नाम देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखने का सुझाव दिया। कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निदान हो रहा है। भाजपा पोखड़ा मंडल अध्यक्ष प्रभुशरण की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन गिरीश सुंद्रियाल ने किया। इस मौके पर विधायक लैंसडौन दलीप रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, पोखड़ा की ब्लाक प्रमुख प्रीति देवी, एकेश्वर ब्लॉक प्रमुख नीरज पांथरी, पौड़ी भाजपा की जिलाध्यक्ष सुषमा रावत आदि मौजूद थे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *