Nirbhik Nazar

ढाई महीने की बच्ची के दिल में था छेद, ईलाज कराकर पिता हो गया कर्जदार ! हत्या कर डिब्बे में भर दिया शव, फिर…

पटना: बिहार के पटना में एक पिता ने अपनी ढाई महीने की बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को डब्बे में बंद करके किचन में रख दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामला दर्ज जांच में जुट गई. मामला कदमकुआं थाना इलाके के काजीपुर का है. यहां 26 अप्रैल को ढाई महीने की बच्ची की लाश घर के किचन में डिब्बे में मिली थी. जांच के दौरान पुलिस के होश उड़ गए. पुलिस को पता चला कि बच्ची का हत्यारा उसका पिता अभय यादव है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू की.

इलाज कराने के लिए लिया डेढ़ लाख रुपये कर्ज

आरोपी पिता ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसकी बच्ची के दिल में छेद था. वो कई डॉक्टर्स से इलाज करा चुका था. मगर, कोई सुधार नहीं हो रहा था. इलाज कराने में करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज भी हो गया था. वो काफी गरीब है और अंडे बेचकर किसी प्रकार से घर चला रहा था.

हत्या कर डालडा के डिब्बे में डाल दिया शव

आरोपी ने आगे बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ के कारण 26 अप्रैल की सुबह जब पत्नी बाथरूम गई तो उसने कपड़ा लेकर बच्ची के गले में लपेट कर उसकी हत्या कर दी. फिर किचन में रखे डालडा के डिब्बे में उसे बंदकर दिया. सोचा था कि बाद में लाश को ठिकाने लगा देगा, लेकिन वो पकड़ा गया.

बच्ची को न देख पत्नी ने किया हंगामा

वहीं, जब उसकी पत्नी बाथरूम से बाहर आई और बच्ची को नहीं देखा तो हंगामा करने लगी. वह भी उसके साथ खोजबीन का नाटक करता रहा. फिर परिजनों के साथ मिलकर कदमकुआं पुलिस को इसकी सूचना दी और पुलिस खोजबीन की तो डालडा के डब्बे में बच्ची की लाश मिली.

आरोपी को गिरफ्तार कर भेज दिया जेल- एसआई

एसआई रंजीत कुमार ने बताया कि डिब्बे में बंद ढाई महीने की बच्ची की लाश मिली थी. लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. जांच के दौरान पता चला कि पिता अभय यादव ने ही बच्ची की गला घोंटकर हत्या की. आरोपी ने बताया है कि उसने आर्थिक तंगी से परेशान होकर हत्या की है. आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *