Nirbhik Nazar

मंत्री के साथ या मंत्री ने की ? जमकर मार-पिटाई, मगर ऐसी नौबत ही क्यों आई ? CM ने मंत्री को किया तलब, DGP को दिए जांच के आदेश, विपक्ष कर रहा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मारपीट विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को तलब कर लिया है। बुधवार को सीएम उनसे पूरे विवाद के बारे में स्पष्टीकरण लेंगे। सीएम ने घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को निष्पक्ष जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने ताकीद किया है कि पूरे प्रकरण की कायदे से जांच हो। इस मामले में किसी भी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि वह इस मामले में भेद-भाव एवं पक्षपातपूर्ण कार्रवाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री बुधवार को नई दिल्ली से लौट आएंगे।

भाजपा अध्यक्ष बोले, सार्वजनिक स्थलों पर संयमित आचार-व्यवहार जरूरी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के हाथापाई मामले की कड़े शब्दों में निंदा की। साथ ही उन्होंने यह अपेक्षा भी की कि सार्वजनिक स्थलों पर सभी को संयमित आचार-व्यवहार करना चाहिए। भट्ट ने कहा कि जिस तह से कैबिनेट मंत्री और युवक के बीच विवाद ने तूल पकड़ा और नौबत हाथापाई तक पहुंची, यह दुखद है। कैबिनेट मंत्री पर हुए हमले को लेकर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ऐसी घटनाओं से अच्छा संदेश नहीं जाता है।

विवादों से पुराना नाता

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल विवादों के कारण लगातार चर्चाओं में रहे हैं। इससे पहले वह विधानसभा में बैकडोर भर्ती के मामले में मीडिया में दिए बयान को लेकर विवादों में आए थे। इसके बाद उन्होंने बयानों में काफी संयम बरता। लेकिन अब फिर नए विवाद में आ गए। वह 2018 में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए अपने बेटे की उपनल के माध्यम से जल संस्थान में नौकरी को लेकर विवादों में आए। 2019 में ऋषिकेश में ही केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान उनकी और तत्कालीन सरकार में दायित्वधारी भगत राम कोठारी की सड़क पर ही तीखी झड़प का वीडियो वायरल हुआ था। यह विवाद केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचा था। वर्तमान सरकार में जर्मनी दौरे पर जाने से पहले अग्रवाल ने शहरी विकास विभाग में 74 ट्रांसफर कर दिए, जिस पर सीएम धामी ने रोक लगा दी थी। एम्स में ट्रांजिट कैंप का काम रुकवाने को लेकर भी अग्रवाल विवादों में आए थे।

 

विपक्ष कर रहा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि प्रेमचंद अग्रवाल सत्ता के नशे में चूर हैं। उन्होंने पूरी भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा नेता और मंत्री सत्ता के मद में हैं। केंद्र की दिल्ली से लेकर राज्यों में भाजपा जहां-जहां सत्ता में वहां आम लोगों को गाजर मूली समझ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल लगातार कर रहे आम नागरिकों से दुर्व्यवहार कर रहे हैं, उन्हें अविलंब पद से हटाया जाए।

आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी रविन्द्र आनंद ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार के मंत्री जनता को कुछ ना समझते हों और सड़क पर सीधे मारधाड़ पर उतारू हो जाएं, उस प्रदेश का विकास भला कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कैबिनेट मंत्री सड़क पर मारधाड़ करते दिख रहे हैं, उससे तो भाजपा की गुंडागर्दी का अंदाजा साफ लगाया जा सकता है कि वो एक आम व्यक्ति को कुछ समझते नहीं है।

उन्होंने कहा कि इससे ना सिर्फ भारतीय जनता पार्टी का चाल, चरित्र ,चेहरा सामने आता है बल्कि जनता द्वारा चुने हुए विधायक और मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का इस प्रकार मारपीट करना सारी हदें पार करने जैसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस पर तुरंत कार्रवाई कर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को बर्खास्त किए जाने की मांग की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro

Our Visitor

0 7 0 1 8 0
Users Today : 17
Users Last 30 days : 653
Total Users : 70180

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *