Nirbhik Nazar

फेरे लेने से पहले मांग ली बोलेरो, दूल्हे के साथ बाराती भी पिटे, दुल्हन वालों ने दूल्हे और चाचा को बना लिया बंधक…

दौसा: दौसा के मंडावर में मंडप में पहुंचे दूल्हे को दहेज में बोलेरो मांगना महंगा पड़ गया। दुल्हन पक्ष ने उसकी जमकर धुनाई कर दी, कपड़े तक फाड़ दिया। मामला यहीं शांत नहीं हुआ। दूल्हे के चाचा को भी पकड़ लिया और उनकी भी पिटाई कर डाली। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया। हालात बिगड़ते देख बाराती भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मंडावर थाने के कैलाश चंद ने बताया कि एक मई को नांगल गांव के लखन मीणा की बेटी निशा (24) की शादी दौसा के ही बेजुपाड़ा थाना क्षेत्र के झूताहेड़ा निवासी विजेंद्र (28) पुत्र कैलाश मीणा से होनी थी। दोनों गांव की दूरी करीब 11 किलोमीटर है। सोमवार शाम सात बजे विजेंद्र के परिवार के लोग बारात लेकर नांगल गांव पहुंचे। यहां गांव में पहले बारात निकाली गई। रात नौ बजे फेरे होने थे और दुल्हन पक्ष के लोगों ने इसकी पूरी तैयारी कर ली थी।

दोनों पक्षों में हो गई तनातनी…

लड़की के पिता लखन मीणा ने बताया कि रात नौ बजे फेरे से पहले दूल्हे ने मंडप में रुपये के साथ बोलेरो की डिमांड कर दी और कहने लगा कि ये दोनों मिलने पर ही वह फेरे लेगा। इस पर दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन के रिश्तेदारों और परिवार के लोगों ने दूल्हे विजेंद्र और उसके चाचा पप्पूलाल मीणा की पिटाई कर दी। कपड़े फाड़ दिए। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। माहौल बिगड़ता देख दूल्हे के साथ आए बाराती मौके से फरार हो गए।

दूल्हे और चाचा को बंधक बनाया…

विजेंद्र के परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। जब परिवार के लोग दोबारा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो पता चला कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने चाचा और भतीजा दोनों को बंधक बनाकर अपने पास ही रख लिया है। इस पर पुलिस ने दोनों को छुड़वााया।

पंच-पटेलों ने ली लड़की की शादी की जिम्मेदारी…

मंगलवार को ये मामला समाज के पंचों तक पहुंचा। इस दौरान नांगल गांव के मीणा समाज के पंचों ने निशा की शादी का जिम्मा लिया है। समाज के पंच पटेलों का कहना है कि दूसरा दूल्हा देखकर पांच मई को दुल्हन के हाथ पीले करेंगे। दूल्हे के पिता कैलाश दिल्ली में सरकारी नौकरी करत हैं। बेटा विजेंद्र अपने पिता के साथ ही रहता है। बेटे की शादी के लिए ही परिवार अपने गांव आया था। लड़का और लड़की दोनों ही बीए पास हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *