Nirbhik Nazar

2 बारात के बारातियों मे झगड़ा, DJ पर डांस को लेकर हुआ था लफड़ा, एक ही घर आईं थी दोनों बारात, पढ़ें पूरा मामला, देखें VIDEO

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में डीजे पर डांस करने को लेकर दो बारातों के लोग आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. साथ ही एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके और फिर जमकर लाठी-डंडे बरसाए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मारपीट के दौरान एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. मामला कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के हसनपुर गांव का है. यहां रहने वाले जलील और हनीफ के यहां बुधवार को दो लड़कियों की शादी थी. गांव सैदनपुर थाना सफदरगंज उसतौली और खेमापुर थाना टिकैतनगर से बारातें आई थीं. सबसे पहले उसतौली से आई बारात के लोग डीजे पर नाचते-गाते हुए दरवाजे पर पहुंच गए. इसके बाद सैदनपुर से आई बारात डीजे पर डांस करते उधर से गुजर रही थी.

दोनों पक्षों के बीच जमकर चले ईट-पत्थर

इस दौरान नाचने के लिए उसतौली के बाराती भी वहां पहुंच गए. डांस करने के दौरान दोनों पक्षों के बारातियों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ और लाठियां चलने लगीं. इस मारपीट में अब्दुल सलाम, सिराज अहमद, रमजान, रेहान, अलीम,अजीम समेत करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया- पुलिस

मामले में अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया कि दो बरातें अलग-अलग जा रही थीं. उनमें डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले. इस दौरान कई लोग घायल हो गए हैं. मारपीट की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची थी. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मामले में तहरीर मिली है. एफआईआर दर्ज की गई है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *